लोकसभा में शत प्रतिशत मतदान का संकल्प पूरा करने को ये होगी व्यवस्था
अगले साल लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत मतदान का संकल्प पूरा कराने को प्रशासन दिव्यांगों और चलने में असमर्थ वोटरों को बूथ तक पहुंचाने के लिए मुफ्त ऑटो-ई-रिक्शा की सुविधा देगा। इनके संचालन की जिम्मेदारी व निगरानी के लिए केंद्रों पर विशेष तौर से मतदाता साक्षरता क्लब (वीएलसी) के दो-दो स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं की टीम रहेगी। जिला प्रशासन इस सुविधा के लिए तीन हजार से अधिक ऑटो रिक्शा व ई-रिक्शा जुटाएगा। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम कौशल राज शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों में दर्ज दिव्यांग श्रेणी के वोटरों को चिह्नित कर उनका घर जाकर सत्यापन कराया जा रहा है। इसके आधार पर विधानसभा वार और फिर मतदान केंद्र अनुसार सूची बनाई जाएगी।
इसके आधार पर मतदान के दिन दिव्यांग वोटर वाले केंद्रों पर एक आटो और ई-रिक्शा की व्यवस्था होगी। दिव्यांगों को मुफ्त में इन वाहनों से घर से पोलिंग सेंटर लाने और मतदान बाद पुन: घर तक पहुंचाने का इंतजाम वीएलसी के स्वयंसेवी कार्यकर्ता करेंगे।
आधी आबादी की सुविधा को पिंक पोलिंग सेंटर भी
चुनाव में चिह्नित विधान सभा क्षेत्रों में आधी आबादी के बतौर पहचानी जाने वाली महिला वोटरों के लिए भी अलग से विशेष सुविधा युक्त पिंक पोलिंग सेंटर बनाए जाएंगे। इनकी खासियत यह रहेगी कि यहां सिर्फ महिला वोटरों को ही मतदान की सुविधा रहेगी। इसके लिए पूरी पोलिंग टीम में भी सिर्फ महिला अधिकारी व कर्मचारी ही तैनात होंगी। महिला वोटरों के लिए अन्य जरूरी संसाधन भी यहां जुटाए जाएंगे।
नए रंगीन वोटर आईडी का वितरण कल से
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एसपी गुप्ता ने बताया कि पूर्व में संचालित संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में आवेदन करने वाले मतदाताओं के तैयार हो चुके नए रंगीन वोटर आईडी का वितरण सोमवार से शुरू होगा।
ऐसे 50 हजार नए वोटर आईडी का वितरण मतदाता रजिस्ट्रेशन केंद्र पर मौजूद बीएलओ से होगा। विशेष बूथ दिवस में चिह्नित मत केंद्रों में पदाभिहीत अधिकारी व बीएलओ भी बूथवार नए बने वोटर कार्डों का वितरण करेंगे।