डिप्टी सीएम केशव ने लॉन्च किया पोर्टल, बोले- किसानों को मिलेगा फसल का वाजिब दाम
उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति के तहत चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के लिए उद्यमी अब ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को विधानभवन स्थित अपने दफ्तर में वेबपोर्टल www.uphorticulture.in लॉन्च किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में निवेश लाने के लिए सरकार हरसंभव कदम उठा रही है। प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश करने वाले उद्यमियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी ताकि किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम मिल सके।
डिप्टी सीएम ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। पोर्टल शुरू हो जाने से खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में आने वाले उद्यमियों को राज्य सरकार से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।
21 व 22 फरवरी को होने वाली इन्वेस्टर्स समिट में बड़ी संख्या में उद्यमी आ रहे हैं। वे पोर्टल से जरूरी जानकारी ले सकेंगे। पोर्टल लॉन्चिंग के मौके पर वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, वन मंत्री दारा सिंह चौहान और प्रमुख सचिव खाद्य प्रसंस्करण सुधीर गर्ग मौजूद रहे।
पोर्टल पर सब्सिडी व ब्याज संबंधी जानकारी उपलब्ध
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण के पोर्टल पर कैपिटल सब्सिडी और ब्याज की भरपाई से संबंधित पूरी जानकारी अपलोड कर दी गई है। गुणवत्ता सुधार व मानकीकरण, पेमेंट, डिजाइन, पंजीकरण, बाजार विकास के लिए सैंपल विदेश भेजने, निर्यात प्रोत्साहन के लिए परिवहन व्यय और खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित परियोजना प्रस्तावों की जानकारी उपलब्ध है।
खाद्य प्रसंस्करण में डिग्री व डिप्लोमा, पाठ्यक्रम संचालन के लिए राज्य सरकार की ओर से दी जाने वाली आधारभूत सुविधाओं की जानकारी भी अपलोड की गई है।