बिल्डिंग की लिफ्ट में उतरा करंट, सवार हुए लोगों को झटका, हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शक्ति भवन के विस्तार वाली बिल्डिंग की लिफ्ट में सोमवार सुबह करंट उतर गया। आनन-फानन में पूरी बिल्डिंग की बिजली काट दी गई और सभी छह लिफ्ट बंद कर दी गईं। इससे शक्ति भवन विस्तार में कामकाज लगभग ठप रहा।
हालांकि दोपहर तक दो लिफ्ट चालू कर दी गईं लेकिन डर की वजह से कर्मचारी बाहर ही घूमते रहे। देर शाम तक शक्ति भवन विस्तार की बिजली आपूर्ति चालू नहीं हो पाई थी।
शक्ति भवन के कर्मचारियों के मुताबिक सुबह जब लोग शक्ति भवन के विस्तार की लिफ्ट में सवार होने लगे तो उन्हें तेज झटका महसूस हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी वहां मौजूद कर्मचारियों की दी।
इलेक्ट्रिशियनों ने जब जांच की तो पता चला कि लिफ्ट में करंट आ रहा है। इस पर लोग बिल्डिंग के बाहर भाग खड़े हुए। जानकारी मिलने पर पावर कार्पोरेशन के एमडी ए.पी. मिश्र भी मौके पर पहुंचे और अफसरों से पूरे मामले की जानकारी ली।
अधिकारी देते रहे ये जवाब
अधिशासी अभियंता मुख्यालय जेबी सिंह से जब इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि करंट उतरने की बात गलत है जबकि जिस फ्लोर पर उनका दफ्तर है, उस फ्लोर समेत उस बिल्डिंग के सभी फ्लोर की बत्ती पूरे दिन गुल रही।
इसलिए उतरा करंट
जांच में पता चला कि बिल्डिंग के छत पर एक पाइप फटी थी, जिसे ठीक कराया जा रहा था। वहां पानी का पाइप खुला रह जाने से पानी लिफ्ट के बेसमेंट में भर गया था। पानी उस कक्ष में भी पहुंच गया था जहां से लिफ्ट को बिजली सप्लाई होती है। इसी वजह से लिफ्ट में करंट उतर गया।
बाद में लिफ्ट के बेसमेंट से पानी तो निकाल दिया गया, लेकिन एहतियात के तौर पर सोमवार को पूरे दिन बिजली सप्लाई नहीं शुरू की गई। कर्मचारियों ने बताया कि बिजली कनेक्शनों की जांच करने के बाद ही बिजली आपूर्ति शुरू की जाएगी।