नए साल से प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में मिलेगी सीटी स्कैन की सुविधा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नए साल में प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में सीटी स्कैन जांच की सुविधा मिलेगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने वर्ष 2020-21 की पीआईपी (प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन प्लान) में बचे हुए 16 जिला स्तरीय अस्पतालों में सीटी स्कैन लगाने के लिए प्रस्ताव भेजा है। इससे पहले 47 जिला अस्पतालों में पीपीपी मॉडल से सीटी स्कैन की सुविधा शुरू हो चुकी है। जबकि 11 में से 10 जिलों में एटॉमिक एनर्जी रेगुलेटरी बोर्ड (एईआरबी) से अनुमति के बाद सीटी स्कैन मशीन लगाने की प्रक्रिया चल रही है।
नए वित्तीय वर्ष में एनएचएम के तहत लखनऊ, बहराइच, गोंडा, रायबरेली, अमरोहा, बरेली, भदोही, एटा, गोरखपुर, झांसी, कानपुर देहात, मैनपुरी, मिर्जापुर, मुरादाबाद, मुजफ्फर नगर व प्रतापगढ़ के जिला अस्पतालों में सीटी स्कैन मशीन लगाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। इससे मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्रों के चक्कर नहीं काटने होंगे।
केडीपीएल कंपनी को सीटी स्कैन मशीन लगाने की जिम्मेदारी
इससे पहले पीपीपी मॉडल पर स्टार, एचएलएल, केडीपीएल कंपनी को सीटी स्कैन मशीन लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। एचएलएल को 40, केडीपीएल को 11 व स्टार को 10 अस्पतालों में सीटी स्कैन मशीन लगाने हैं। इनमें से 47 जिलों के अस्पतालों में सीटी स्कैन का संचालन शुरू हो चुका है।
वहीं बाराबंकी, अयोध्या, ललितपुर, कन्नौज, इटावा, जौनपुर, बुलंदशहर, सुल्तानपुर, वाराणसी, प्रयागराज व महाराजगंज के जिला अस्पतालों में सीटी स्कैन मशीन लगाने के लिए एटॉमिक एईआरबी की अनुमति मांगी गई थी। इसके लिए अक्तूबर 2019 अंतिम तिथि तय की गई थी, लेकिन कई जिलों को एईआरबी की हरी झंडी नहीं मिल पाने से मशीनों की स्थापना नहीं हो पाई है। इसके अलावा संभल, गौतमबुद्धनगर, शामली के जिला अस्पतालों में स्थापना का प्रस्ताव स्थगित कर दिया गया था।
संभल की मशीन सिविल अस्पताल, लखनऊ में लगाई गई है। शामली की मशीन को मुजफ्फरनगर में लगाया गया है। एनएचएम के महाप्रबंधक प्रीक्योरमेंट विवेक द्विवेदी का कहना है कि शेष बचे जिला अस्पतालों के लिए अगले वित्तीय वर्ष में सीटी स्कैन लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है। पहले से प्रस्तावित ऐसे अस्पताल जहां मशीन नहीं लगी है, वहां जल्द प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।