फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   Crisis of rail tickets because of pimp of tickets.

दलालों ने फर्जी आईडी से बुक कर लिए सैकड़ों रेल टिकट, दीवाली के लिए अभी से नहीं मिल रहे कंफर्म सीट

Sun, 18 Aug 2019 12:42 PM IST
ishwar ashish नीरज ‘अम्बुज’/अमर उजाला, लखनऊ
नीरज ‘अम्बुज’/अमर उजाला, लखनऊ Published by: ishwar ashish Updated Sun, 18 Aug 2019 12:42 PM IST
विज्ञापन
Crisis of rail tickets because of pimp of tickets.
प्रतीकात्मक तस्वीर

दीपावली पर दिल्ली, मुंबई जाने के लिए ट्रेनों में कन्फर्म टिकटों की मारामारी अभी से शुरू हो गई है। वहीं, दलालों ने फर्जी आईडी से सैकड़ों टिकट एडवांस में बुक कर लिए हैं। वे इन्हें मनमाने दाम पर बेचने की फिराक में हैं। ऐसे दलालों पर कार्रवाई को आरपीएफ ने छापामारी शुरू कर दी है।

विज्ञापन


आईआरसीटीसी की ओर से चार महीने पहले सीटों की बुकिंग की सुविधा यात्रियों को दी जाती है। इसे एआरपी यानी एडवांस रिजर्वेशन पीरियड कहा जाता है। जैसे ही एआरपी खुलता है, बुकिंग शुरू हो जाती है। एजेंट भी फर्जी आईडी से टिकट बुक कराने लगते हैं। इसका खुलासा आरपीएफ की ओर से हाल ही में आशियाना, चौक व चारबाग में की गई छापामारी में भी हुआ है।
विज्ञापन


रेल अधिकारियों की मानें तो लखनऊ से दिल्ली, मुंबई, जयपुर, हावड़ा सहित अन्य रूटों पर तीन सौ से अधिक ट्रेनों का संचालन होता है। इनमें 50 हजार से अधिक आरक्षित श्रेणी की सीटें होती हैं। एजेंट इन्हें एडवांस में बुक कर त्योहार करीब आने पर मनमाने रेट पर बेचते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


आरपीएफ अधिकारियों के मुताबिक दीपावली को लेकर एजेंटों ने ऐसे ही सैकड़ों सीटों की बुकिंग एडवांस में कर ली है। इन पर छापामारी का खाका तैयार हो गया है। बता दें कि राजधानी में ढाई हजार से अधिक टिकट एजेंट हैं, जो फर्जी आईडी से टिकट बुक करते हैं।

ऐसे हो रहा है गोलमाल

आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर लॉगइन आईडी बनाने पर महीने में छह टिकट बनाने की सुविधा मिलती है। पर, एजेंट फर्जी नामों से आईडी बनाते हैं। आरपीएफ की सीआईबी बताती है कि एक एजेंट ने दो सौ फर्जी आईडी बना लीं तो छह टिकट माह के हिसाब से 12 सौ तक टिकट एडवांस में बुक करा लेता है। होली, दीपावली, न्यू ईयर, गर्मियों की छुट्टियों में टिकटों की मारामारी अधिक होती है। ऐसे में दलाल इन्हें मुंहमांगे दाम पर बेचते हैं।

इधर, वेटिंग से जूझ रहे यात्री
दीपावली के बाद लौटने के लिए वेटिंग शुरू हो गई है। 28, 29 व 30 अक्तूबर को पुष्पक में वेटिंग 29, 32 व 24 पहुंच गई है। अवध एक्सप्रेस की थर्ड एसी बोगी में वेटिंग 37, 49 व 16 और गोरखपुर एलटीटी एक्सप्रेस में 20, 13 व 24 पहुंच गई है।

लखनऊ से दिल्ली के लिए इन्हीं तारीखों में लखनऊ मेल, फैजाबाद-दिल्ली एक्स., एसी व काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में वेटिंग का आंकड़ा 50 पार हो चुका है।

फर्जी आधार तक देते हैं

आरपीएफ अधिकारी बताते हैं कि टिकट एजेंट फर्जी आईडी से एडवांस में टिकट बुक कर लेते हैं। मसलन, सुरेंद्र कुमार के नाम से चंडीगढ़ एक्सप्रेस में टिकट बुक कराया तो जब यात्री को कंफर्म टिकट देंगे तो साथ में सुरेंद्र कुमार की फर्जी आईडी या आधार कार्ड तक बनाकर दे देते हैं। पुष्पक से मुंबई जाते वक्त फर्जी आईडी वाले यात्री को गत वर्ष पकड़ा गया था, जिसके बाद रैकेट का भंडाफोड़ हुआ था।

चारबाग स्टेशन के पास रैकेट
राजधानी में करीब दो हजार अधिकृत एजेंट होंगे, जो अपने अंडर में सब एजेंट भी बनाते हैं। इसमें बड़ी संख्या में फर्जी आईडी का इस्तेमाल करने वाले हैं, जिन पर लगाम लगाने की कार्रवाई हो रही है। चारबाग स्टेशन के आसपास फर्जी आईडी वालों का रैकेट फैला है।

टिकटों की कालाबाजारी की तो जेल के साथ जुर्माना

रेल टिकटों में कालाबाजारी करने, फर्जी आईडी से टिकट बनाने या सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करने के मामले आरपीएफ धारा 143 में दर्ज करती है। इसके तहत टिकट दलाली करते हुए पकड़े जाने पर एक महीने की सजा या पांच हजार रुपये का जुर्माना लिया जाता है।

पूर्वोत्तर रेलवे के आईजी आरपीएफ अतुल श्रीवास्तव का कहना है कि कानून के दायरे में रहकर हम लगातार टिकटों की दलाली करने वालों के खिलाफ छापामारी करते रहते हैं। इस पर अंकुश भी लग रहा है। हालांकि, फर्जी आईडी से टिकट बनाने वालों की बड़ी संख्या है, जिसे रोकने के लिए इज्जतनगर, वाराणसी मंडलों में भी अभियान चलाए जा रहे हैं।

लगातार चेकिंग कर हो रही है दलालों की धरपकड़

उत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम जगतोष शुक्ल का कहना है कि आरक्षण केंद्रों पर टिकट दलाली रोकने को लगातार चेकिंग हो रही है। सीसीटीवी कैमरों से लेकर आरपीएफ जवानों की अतिरिक्त तैनाती तक की गई है। स्टेशन परिसर के बाहर फर्जी आईडी से टिकट बनाने वालों की जांच की जिम्मेदारी आरपीएफ की है, जो लगातार चेकिंग कर दलालों की धरपकड़ कर रही है। 2500 से अधिक टिकट एजेंट हैं राजधानी में हैं।

दलालों पर अंकुश लगाने के लिए आरपीएफ ने शुरू की छापामारी
बीते समय टिकट दलालों पर कार्रवाई: चारबाग के आहूजा भवन में आरके ट्रैवल्स पर छापामारी में 120 फर्जी आईडी व 1,21,357 रुपये के टिकट मिले थे। नाका हिंडोला स्थित एके टूर एंड ट्रेवेल्स से 70 फर्जी आईडी व 22,735 रुपये के 20 टिकट बरामद किए गए।

गुरुनानक मार्केट के मॉडर्न ट्रेवेल्स पर छापामारी कर 45 फर्जी आईडी और दो हजार टिकट बरामद किए गए।  मेहंदी प्लाजा, ऐरा अस्पताल पर लखनऊ कम्प्यूटर पर से 7,160 रुपये के टिकट पर 50 से अधिक फर्जी आईडी बरामद की गई। गुरुनानक मार्केट के मेसर्स मिश्रा बालाजी टेलीकॉम में छापामारी कर 15 फर्जी आईडी बरामद की गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed