बलरामपुर: मतदान के बाद देर रात हुई हिंसा में पूर्व सांसद रिजवान जहीर समेत 11 गिरफ्तार
विवाद के बाद आक्रोशित उनके समर्थक आमने-सामने आ गए और दो लग्जरी गाड़ियां फूंक दी तथा दो वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में पुलिस ने रिजवान जहीर और दीपांकर सिंह सहित 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बलरामपुर के तुलसीपुर थाना क्षेत्र में पंचायत चुनाव के मतदान के बाद सोमवार रात पूर्व सांसद रिजवान जहीर और यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपांकर सिंह के समर्थकों में विवाद हो गया। जिसके बाद आक्रोशित उनके समर्थक आमने-सामने आ गए और दो लग्जरी गाड़ियां फूंक दी तथा दो वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में पुलिस ने रिजवान जहीर और दीपांकर सिंह सहित 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
विदित हो कि पूर्व सांसद की पत्नी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हुमा रिजवान जिला पंचायत क्षेत्र नवानगर से बसपा समर्थित उम्मीदवार हैं। इसी क्षेत्र से दीपांकर सिंह की पत्नी अरुणिमा सिंह कांग्रेस के समर्थन से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं।
सोमवार को दिनभर शांतिपूर्ण मतदान के बाद देर शाम तुलसीपुर थाना क्षेत्र के बनकटवा बेली कला गांव में पूर्व सांसद रिजवान जहीर के दामाद रमीज नेमत और दीपांकर सिंह व उनके समर्थकों का आमना सामना हो गया और दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट में दोनों ही पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। रिजवान जहीर के दामाद रमीज नेमत को भी चोटें आईं। रिजवान जहीर के समर्थकों की बढ़ती संख्या देखते हुए दीपांकर सिंह और उनके समर्थक अपने वाहन छोड़कर मौके से भाग गए।
इसके बाद अपने अन्य समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे पूर्व सांसद रिजवान जहीर ने दीपांकर सिंह के वाहनों में आग लगवा दी और उन्हें क्षतिग्रस्त करवा दिया।
गांव में भारी संख्या में पीएसी व पुलिस बल तैनात
पुलिस के अनुसार मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता भी की गई। घटना की सूचना मिलते ही डीएम श्रुति और एसपी हेमंत कुटियाल मौके पर पहुंचे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पीएसी और पुलिस बल तैनात कर दिया गया। रात में ही पुलिस ने टीमें बनाकर दबिश डालना शुरू किया।
भारी संख्या में पुलिस ने पूर्व सांसद रिजवान जहीर के तुलसीपुर स्थित आवास पर दबिश डालकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दीपांकर सिंह की गिरफ्तारी भी रात को ही हो गई।
एसपी हेमंत कुटियाल ने बताया कि बनकटवा बेली कला गांव में दोनों पक्षों के बीच पहले वाद विवाद और हाथापाई शुरू हुई फिर वहां खड़े वाहनों में आग लगा दी गई।
एसपी ने बताया कि इस मामले में अभियोग पंजीकृत कर के पूर्व सांसद रिजवान जहीर और दीपांकर सिंह सहित 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।