धोखाधड़ी: अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह की मुश्किलें बढ़ीं, सीजेएम ने चार्जशीट पर लिया संज्ञान
कूटरचना कर धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह के मामले की चार्जशीट का सीजेएम ने संज्ञान लिया है। मामले में अगली सुनवाई 10 फरवरी को होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री व केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री को संदर्भित पत्र में कूटरचना कर धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सीजेएम किरण गौड़ ने वर्तिका सिंह समेत दो आरोपियों के खिलाफ दाखिल पुलिस की चार्जशीट पर संज्ञान ले लिया है। मामले में अगली सुनवाई 10 फरवरी को होगी।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के निजी सचिव विजय गुप्ता ने 23 नवंबर 2020 को प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाने के रायचंदपुर गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह व कांग्रेस के पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो के खिलाफ मुसाफिरखाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।
विजय गुप्ता का आरोप है कि रायबरेली जिले की सलोन तहसील में अस्पताल निर्माण के लिए केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री को संदर्भित पत्र में कूट रचना करके वर्तिका सिंह ने उन्हें बदनाम किया है। विजय गुप्ता के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर भी कूट रचना कर पत्र लिखा गया है। इसे कांग्रेस के पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो ने सोशल मीडिया पर वायरल किया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने अयोध्या जिले के कुमारगंज थाने के बहबरमऊ गांव निवासी डॉ. रजनीश सिंह को भी मुकदमे में आरोपी बना दिया था। पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह व आरोपी डॉ. रजनीश सिंह के खिलाफ एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी, जबकि कांग्रेस के पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो का नाम विवेचना में निकाल दिया था।
कोर्ट के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी
वर्तिका सिंह ने एतराज जताते हुए कहा था कि जब मुकदमे में पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो आरोपी नहीं रह गए हैं तो किस आधार पर एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई है। वर्तिका सिंह ने चार्जशीट पर संज्ञान लेने के एमपी-एमएलए कोर्ट के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
हाईकोर्ट ने मामले को एमपी-एमएलए कोर्ट से संबंधित मजिस्ट्रेट कोर्ट में सुनवाई के लिए भेजे जाने का दिशा-निर्देश जारी किया था। हाईकोर्ट के निर्देश पर मामला सीजेएम कोर्ट में पहुंच गया है। सीजेएम किरण गौड़ ने अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह व आरोपी डॉ. रजनीश सिंह के खिलाफ दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए मामले में अगली सुनवाई के लिए 10 फरवरी की तिथि नियत कर दी है।
चार्जशीट पर संज्ञान होने के बाद वर्तिका सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मामले में अभी तक वर्तिका सिंह ने जमानत नहीं कराई है जबकि आरोपी डॉ. रजनीश सिंह जमानत पर रिहा किए गए हैं। उधर, कांग्रेस के पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो की नामजदजी गलत पाए जाने से संबंधित पुलिस की फाइनल रिपोर्ट पर एमपी-एमएलए की स्पेशल मजिस्ट्रेट कोर्ट में सुनवाई विचाराधीन है।