आपस में भिड़े दो दरोगा, एक ने दूसरे पर किया फायर, एसपी ने दोनों को किया निलंबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बेवाना थाने में तैनात दो दरोगा शुक्रवार को आपस में ही भिड़ गए। परिसर के भीतर देखते ही देखते ही मामला इस कदर बढ़ा कि एक दरोगा ने सर्विस रिवॉल्वर निकालकर फायरिंग कर दी। किसी तरह दोनों को शांत कराया गया।
एसपी ने दोनों दरोगा को लाइन हाजिर करने के साथ ही निलंबित कर दिया है। चर्चा है कि दोनों के बीच विवाद लेनदेन को लेकर हुआ, जबकि प्रशासन के मुताबिक परिवार पर की गई किसी टिप्पणी को लेकर दोनों के बीच यह घटना हुई। पुलिस के अनुसार घटना थाने के बाहर कुर्चा मोड़ के निकट हुई, जबकि चर्चा है कि थाना परिसर के भीतर ही घटना को अंजाम दिया गया। थाना प्रभारी ने देर शाम बेवाना थाने में केस दर्ज करा दिया है।
बेवाना थाने में तैनात दरोगा शिवपूजन यादव व एक अन्य दरोगा जयकरण सिंह के बीच किसी बात को लेकर गुरुवार को विवाद हुआ था। स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना परिसर में यह विवाद लेनदेन के बंटवारे को लेकर हुआ। गुरुवार को किसी तरह से मामला निपट गया था, लेकिन शुक्रवार को एक बार फिर से दोनों दरोगा के बीच विवाद हो गया।
शुरुआती कहासुनी के बाद दोनों ने रिवॉल्वर निकाल ली। इसी बीच दरोगा शिवपूजन ने फायर कर दिया। इसमें जयकरण बाल-बाल बच गए। मौके पर मौजूद लोगों ने मामला शांत कराया। जानकारी होते ही एसपी विपिन कुमार मिश्र ने दोनों दरोगाओं को लाइन हाजिर करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। एसपी ने दोनों दरोगा को बाद में निलंबित भी कर दिया। एसपी के निर्देश पर देर शाम बेवाना थाना प्रभारी ने पूरे मामले में केस भी दर्ज करा दिया गया है।
परिवार पर की गई टिप्पणी पर हुआ विवाद
दरोगा जयकरण ने एक अन्य दरोगा के परिवार को लेकर कोई टिप्पणी कर दी थी। शुक्रवार को जब थाने के निकट एक दुकान पर दोनों आमने सामने हुए तो उसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इसमें एक दरोगा ने फायरिंग भी कर दी। दोनों को निलंबित करने के साथ ही केस भी दर्ज करा दिया गया है।
-विपिन कुमार मिश्र, एसपी
चर्चा में रहा है फायरिंग का आरोपी दारोगा
फायरिंग करने वाला दरोगा चर्चा में रहा है। कुछ दिनों पहले एक युवक को बुरी तरह पीटने के मामले में उसका नाम तेजी से उछला था। स्थानीय स्तर पर ड्यूटी के दौरान आमतौर पर उसके द्वारा अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप जब तक लगता रहा है।