कोरोना कर्फ्यू में चल रही थी अय्याशी: आधी रात को छापा मारकर पुलिस ने 16 को किया गिरफ्तार
प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज श्याम बाबू शुक्ला के मुताबिक पार्क रोड चौकी क्षेत्र में एंपरर बीफ कैफे है। कैफे का मालिक फैजी कैसरबाग के मछली मोहल्ला का रहने वाला है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए पूरे प्रदेश में कर्फ्यू लगा है। इस दौरान सलमान अपनी कैफे में आधी रात तक हुक्का बार चला रहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सरकार ने पूरे प्रदेश में कर्फ्यू लगा रखा है। लेकिन राजधानी के सबसे पॉश इलाके हजरतगंज के रेस्टोरेंट कारोबारी पर इसका कोई असर नहीं दिख रहा है। बुधवार देर रात को पुलिस को सूचना मिली की राजभवन के सामने स्थित एम्परर बीफ कैफे रेस्टोरेंट में हुक्काबार चल रहा है। वहां काफी लोग जुटे हैं। पुलिस ने आधी रात को छापा डाला तो वहां रसूखदारों की पार्टी चल रही थी। मौके से पुलिस ने 16 लोगों को गिरफ्तार किया। वहां से हुक्का, चिलम, फ्लेवर, मोबाइल व लग्जरी कार बरामद किया। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
हजरतगंज इंस्पेक्टर श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि एक दिन पहले राजभवन के सामने स्थित एम्परर बीफ कैफे रेस्टोरेंट में हुक्का बार चल रहा था। वहां अधिक भीड़ जुटने की जानकारी मिली थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद बुधवार आधी रात को छापेमारी की गई। तो मौके से 16 लोगों को पकड़ा गया। पकड़े गये सभी लोग नशे में धुत्त थे। हुक्का बार के बाहर लग्जरी गाड़ियां भी खड़ी थीं। शहर के बड़े व्यापारी परिवारों के युवकों को हुक्का पीते हुए पकड़ा गया तो वह नशे में धुत मिले। पुलिस टीम ने इनके करीब 20 मोबाइल, पांच लग्जरी गाड़ियां और इनके पास से मिले नशे का सामान जब्त कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक मौके से डालीगंज निवासी सलमान, मोतीझील निवासी फैजान, ठाकुरगंज निवासी सलमान, हुसैनाबाद बाद निवासी मोसीन कमाल, अमीनाबाद निवासी स्वेत कुरैसी, कैसरबाग निवासी शादाब, कसाईबाड़ी अमीनाबाद निवासी मोहम्मद वकार, हुसैनाबाद ठाकुरगंज निवासी चांद अली, हसनगंज निवासी मो. सलमान, ठाकुरगंज निवासी उस्मान, ताल कटोरा निवासी सूरज सिंह, बालागंज निवासी वरुण अवस्थी, हुसैनाबाद निवासी मोहम्मद वासिद और मोहम्मद इनाम, डालीगंज निवासी मोहम्मद सलमान गिरफ्तार हुए हैं।
रेस्टोरेंट संचालक फरार, तलाश में दबिश
बाहर से बंद, अंदर से खुला था रेस्टोरेंट
एडीसीपी मध्य चिरंजीव नाथ सिन्हा के मुताबिक एम्परर बीफ कैफे रेस्टोरेंट तीसरी मंजिल पर है। रात करीब 11.30 बजे पुलिस ने इलाके के हर दुकान व रेस्टोरेंट की जांच की। पुलिस को सूचना मिली अक्सर रात में करीब 12 बजे सूचना मिली की रेस्टोरेंट के आसपास कई लग्जरी गाड़ियां खड़ी हो रही है। जानकारी होने पर पुलिस की एक टीम को सादे ड्रेस में ग्राहक बनाकर भेजा गया। बुधवार रात करीब 12 बजे रेस्टोरेंट के मैनेजर सलमान ने कुछ लोगों को कॉल कर बुलाया। इसके बाद बाहर से बंद कर दिया गया। सभी बुलाए गये ग्राहकों को अंदर कर दिया गया। इसके बाद वहां म्यूजिक व हुक्का परोसा जाने लगा। पुलिस की विशेष टीम ने इसकी रिकार्डिंग की। इसके बाद सूचना दी। मौके पर छापा डालकर लोगों को दबोच लिया गया।
पुराने व खास ग्राहकों के लिए ही खोला जाता था
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में रेस्टोरेंट के मैनेजर सलमान ने कुबूल किया कि मालिक फैजी के कहने पर ही वह रात में हुक्का बार चलाता था। इसके लिए वह पुराने व खास ग्राहकों को ही प्रवेश देता था। रात में जब पुलिस अपनी गश्त करने के बाद वापस चली जाती थी। इसके बाद सलमान खास ग्राहकों को कॉल करता था। उनको बुलाता था। एक-एक कर सभी को अंदर भेजता। इसके बाद उनकी लग्जरी गाड़ियां दूर खड़ी करवा देता था। हुक्का पीने वालों से इस विशेष इंतजाम के लिए मोटी रकम भी ली जाती थी। आधी रात से लेकर तड़के तीन बजे तक हुक्का बार में नशे का कारोबार चलता था। पुलिस मालिक की तलाश कर रही है।
पुलिस की गश्त पर खड़े हो रहे सवाल
जहां कर्फ्यू के दौरान पुलिस छोटे-छोटे दुकानदारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्यवाही कर रही है। वहीं हजरतगंज जैसे इलाके में पुलिस की गश्त को खुली चुनौती देकर हुक्का बार संचालित हो रहा है। यह पुलिस के गश्त पर सवाल खड़ा कर रहा है। अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे है कि इसकी जानकारी स्थानीय चौकी व पुलिसकर्मियों को थी या नहीं। कहीं उनकी मिलीभगत से यह रेस्टोरेंट रात को नहीं खुलता था। जांच में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाया जाएगा। उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।