लखनऊ में दो बहनों की हत्या, अलग-अलग कमरों में बेड पर मिले शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी की राजधानी लखनऊ में दो घरों की डकैती की गुत्थी सुलझी नहीं थी कि बदमाशों ने रविवार को गुडंबा इलाके में दो बहनों की गला व मुंह दबाकर हत्या व लूटपाट से सनसनी फैला दी।
पुलिस का दावा है कि नगदी व गहने सुरक्षित मिले हैं, कातिलों ने भ्रमित करने के इरादे से सेफ व बक्से खोलकर सामान बिखेरा था। एसएसपी व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वाएड व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट बुलाकर छानबीन शुरू की। करीबी पर संदेह जताते हुए संपत्ति विवाद को लेकर तफ्तीश की जा रही है।
इंस्पेक्टर गुडंबा अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि सिटी क्लब के पीछे बजरंग विहार कॉलोनी में रहने वाली संदल श्रीवास्तव (45) व उनकी बहन जुग्गन उर्फ केसर श्रीवास्तव (65) की उनके कमरों में बेड पर हत्या कर दी गई।
ऐसा लग रहा था कि कातिल ने तकिया से मुंह दबाने के साथ गला दबाकर वारदात अंजाम दी। दोनों बहनों के कमरे में सेफ व बक्से इत्मीनान से खंगालकर सामान बिखेरा, जबकि दोनों बहनों के गहने व नगदी सुरक्षित मिली है। करीबी द्वारा हत्या की आशंका के चलते संपत्ति विवाद व अन्य बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।
घर में खोल रखा था जनरल स्टोर
जुग्गन करीब 25 साल पहले पति से नाता तोड़ने के बाद अविवाहित संदल श्रीवास्तव के साथ रहती थी। वह योगा अभ्यास कराती और घर में जनरल स्टोर खोल रखा था। संदल दुकान के काम में हाथ बंटाती थी। मकान के दूसरे हिस्से में उनके भाई अंजनी श्रीवास्तव का साइबर कैफे है जो जानकीपुरम में परिवार के साथ रहते है। उनका बेटा ध्रुव श्रीवास्तव साइबर कैफे के संचालन में हाथ बंटाता था।
ऐसे लगी डबल मर्डर की भनक
कॉलोनी में रहने वाली सोनी नामक युवती सुबह 11:20 बजे अपना मोबाइल रिचार्ज कराने साइबर कैफे पर गई थी। बड़ा गेट बंद और छोटा खुला था। सोनी ने अंजनी व ध्रुव को आवाज दी। मेज खटखटाई। कोई आहट न होने पर लौटने लगी। रास्ते में मोहल्ले का ही प्रशांत यादव नजर आया। सोनी ने जानकारी दी।
इस पर प्रशांत ने भी गेट खटखटाया और 11:32 बजे ध्रुव को कॉल की। उसे बताया कि साइबर कैफे का छोटा गेट खुला है और उनकी बुआ के घर में सन्नाटा है। ध्रुव ने पिता अंजनी को बताया और खुद जायजा लेने पहुंचा। वहां बुआ के घर के दरवाजे खुले थे। दोनों अपने-अपने कमरे में बेड पर मृत पड़ी थीं। इस पर उसने पुलिस को कॉल करके संदल व जुग्गन की हत्या की सूचना दी। इस पर एसएसपी दीपक कुमार, एएसपी ट्रांसगोमती हरेंद्र कुमार व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।