लखनऊ: बिना बताए घर से निकले युवक की होटल में मौत, परिजन बोले- पीट-पीटकर की गई हत्या
रजत के परिजनों का आरोप है कि 26 अगस्त को होटल में दोस्तों ने पीट-पीटकर उसकी हत्या की है। फिर 27 अगस्त को चुपके से शव लोहिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखकर भाग गए। रजत के बड़े भाई देवेंद्र ने भी दोस्तों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि रजत अक्सर इन्हीं दोस्तों के साथ मीना-इन होटल में रुकता था। इस बार वहां पार्टी के दौरान विवाद में उसकी हत्या कर दी गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चिनहट से दो दिन पहले बिना बताए घर से निकले एक युवक की विभूतिखंड थाना क्षेत्र के एक होटल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट से उसकी मौत होने का पता चला है। युवक के परिजनों ने उसके कुछ दोस्तों पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
चिनहट के शाहपुर की सपना सिटी कॉलोनी निवासी हरि सिंह सेंगर वन विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उनके चार बेटों में सबसे छोटा रजत सेंगर उर्फ सनी (28) गुरुवार सुबह बिना बताए घर से निकला था। परिजनों का कहना है कि रजत के दोस्त जतिन गुप्ता ने व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल कर उसे बुलाया था। रात तक रजत घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश की मगर कुछ पता नहीं चला।
इस पर रजत के पिता ने विभूतिखंड थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। परिवार के लोग तलाशते हुए विभूतिखंड में मंत्री आवास के पास स्थित जतिन के होटल मीना इन पहुंचे तो वहां पार्किंग में रजत की स्कूटी खड़ी मिली। पता चला कि सिर में चोट लगने पर रजत को लोहिया अस्पताल भेजा गया है। परिजन वहां पहुंचे तो रजत की मौत होने का पता चला। शनिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट से रजत की मौत की जानकारी मिली। जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है।
रजत के परिजनों का आरोप है कि 26 अगस्त को होटल में दोस्तों ने पीट-पीटकर उसकी हत्या की है। फिर 27 अगस्त को चुपके से शव लोहिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखकर भाग गए। रजत के बड़े भाई देवेंद्र ने भी दोस्तों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि रजत अक्सर इन्हीं दोस्तों के साथ मीना-इन होटल में रुकता था। इस बार वहां पार्टी के दौरान विवाद में उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस पर घटना को छुपाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि विभूतिखंड पुलिस को मामले की जानकारी पहले ही हो गई थी। मगर पुलिस घटना को छिपाए रही। रजत के पिता का कहना है कि वो अब पुलिस कमिश्नर को ही तहरीर देंगे, ताकि पुलिस की भूमिका की भी जांच हो सके।
एसीपी विभूतिखंड अनूप कुमार सिंह ने बताया कि रजत होटल में क्यों और किसके साथ ठहरा था। इसकी पड़ताल की जा रही है। उसके मोबाइल की कॉल डिटेल के साथ ही होटल और लोहिया अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं। रंजिश, प्रेम प्रसंग, नशे में झगड़ा आदि बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
घर से निकलने के बाद बंद हो गया था मोबाइल
हरि सिंह सेंगर ने बताया कि गुरुवार को घर से निकलने के कुछ देर बाद ही रजत का मोबाइल फोन बंद हो गया था। 28 अगस्त की सुबह विभूतिखंड थाने के एक दरोगा ने फोन कर रजत की मौत होने की जानकारी दी।
पांच लोगों के लिए बुक थे चार कमरे
हरि सिंह सेंगर ने बताया कि जब वह होटल मीना इन पहुंचे तो पता चला कि 26 अगस्त को ही रजत के साथ सुलभ सिंह, उपेंद्र राय, अमन सिंह और विनोद तिवारी के लिए वहां चार कमरे बुक किए गए थे। कमरा नंबर 203 में रजत और सुलभ सिंह ठहरे थे, जबकि उपेंद्र राय 201, अमन सिंह 202 और विनोद तिवारी कमरा नंबर 105 में ठहरे थे।