एक्शनः बर्खास्त होगा केवी का दरिंदा शिक्षक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुरु-शिष्या के रिश्ते की मर्यादा को तार-तार करने वाले केंद्रीय विद्यालय गोमतीनगर के रसायन विज्ञान के शिक्षक रामचंद्र तिवारी को जांच में दोषी पाया गया है। केंद्रीय विद्यालय संगठन लखनऊ संभाग की उपायुक्त संतोष मिर्धा ने बताया कि मामला सामने आने के बाद रामचंद्र तिवारी को सस्पेंड कर दिया गया था।
इसके साथ ही नियम 81बी के तहत उसके खिलाफ जांच कराई गई। इस जांच में उसे दोषी पाया गया है। लिहाजा उसके खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की जा रही है। मिर्धा ने कहा, यह पूरे समाज को शर्मसार कर देने वाला मामला है।
हमारी पहली प्राथमिकता बच्ची और उसके परिवार को संभालना है। बच्ची का बोर्ड का एग्जाम है। लिहाजा हम इस पर फोकस करेंगे कि वह सदमे से उबर कैसे परीक्षा में बैठे। जहां तक कार्रवाई का सवाल है तो वह जारी है। मामले में और भी जिनकी लापरवाही सामने आएगी उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हाईस्कूल छात्रा से भी की थी अश्लीलता
केंद्रीय विद्यालय गोमतीनगर के केमिस्ट्री टीचर रामचंद्र तिवारी ने हाईस्कूल की एक छात्रा से भी अश्लील हरकतें की थीं। मंगलवार को छानबीन के लिए विद्यालय पहुंची गोमतीनगर पुलिस से पीड़ित छात्रा की मां ने शिकायत की। पुलिस ने छात्रा की मां से टीचर के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज करने के लिए तहरीर मांगी है।
पुलिस का कहना है कि टीचर की कई और छात्राओं पर भी बुरी नजर थी। पीड़ित छात्रा की मां ने बताया कि टीचर रामचंद्र तिवारी उनकी बेटी को अलग से पढ़ाने के लिए बुलाता था। एक बार बेटी को कुछ मदद चाहिए थी तो वह क्लास के बाद टीचर से मिलने चली गई। उस वक्त टीचर कमरे में अकेले थे।
आरोप है कि टीचर ने छात्रा को बुरी नियत से पकड़ लिया और अश्लील हरकतें कीं। महिला का कहना है कि बेटी ने टीचर को बुरी तरह से डांट दिया तो वह घबरा गए और उसे छोड़ दिया। पुलिस ने महिला से तहरीर मांगी है।
नर्सिंग होम भेजने वाला दलाल होगा गिरफ्तार
एसओ मो. अब्बास का कहना है कि रामचंद्र तिवारी के खिलाफ स्कूल की छात्राओं से छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों की कई शिकायतें मिली हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई पीड़ित तहरीर देगा तो एफआईआर दर्ज की जाएगी।
उधर, सीतापुर रोड स्थित जिस नर्सिंगहोम में रेप की शिकार छात्रा का गर्भपात कराया गया था, वहां भेजने वाले दलाल की तलाश में पुलिस ने कई जगह दबिश दी। एसओ ने बताया कि दलाल के जरिए ही छात्रा को वहां ले जाया गया था।
उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि केंद्रीय विद्यालय गोमतीनगर में इंटरमीडिएट की छात्रा से रेप और गर्भपात के मामले में पुलिस ने टीचर रामचंद्र तिवारी, उसकी पत्नी अनीता और सीतापुर रोड स्थित विजय नर्सिंगहोम की डॉक्टर अक्सा सिद्दीकी और विजयश्री को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।