आईआईएम लखनऊ के पांच छात्र जर्मनी में लुटे, नहीं मिली मदद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईआईएम लखनऊ के पांच छात्रों के पासपोर्ट, ट्रैवल पास समेत अन्य सामान जर्मनी में चोरी हो गया। इसके चलते वे दो दिनों से वहीं फंसे हुए हैं।
ये छात्र एकेडमिक टूर पर फ्रांस गए हुए हैं और वहीं से जर्मनी चले गए थे। मदद के लिए इन छात्रों ने कई ट्वीट्स किए, भारतीय दूतावास से संपर्क भी किया, पर सहयोग नहीं मिला। वहीं, आईआईएम लखनऊ के अधिकारियों का कहना है कि छात्रों को मदद मुहैया करा दी गई है। सोमवार तक उनको अस्थायी पासपोर्ट भी मिल जाएगा।
इन छात्रों में शामिल वैशाली सभरवाल ने 16 सितंबर को पहला ट्वीट करके विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मदद मांगी थी। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय दूतावास, पीएमओ इंडिया को भी कई दफा ट्वीट किया, पर मदद नहीं मिली।
ये सभी छात्र सत्र 2015-2017 बैच के हैं। ये फ्रांस के एनईओएमए बिजनेस स्कूल में अपने कोर्स के सिलसिले में इसी 12 सितंबर को फ्रांस गए थे।
भारतीय दूतावास ने कहा ‘समय नहीं’
जर्मनी में लुटे आईआईएम लखनऊ के पांच छात्रों ने विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास को ट्वीट करके मदद मांगी, पर किसी ने सहयोग नहीं किया। इन छात्रों में से एक वैशाली सभरवाल ने 16 सितंबर को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को ट्वीट किया, 'मैम, हम आईआईएम लखनऊ के स्टूडेंट्स हैं और फ्रांस में बेस्ड हैं।
जर्मनी के कलोन शहर में हमारे पासपोर्ट्स लूट लिए गए हैं। हमें तुरंत मदद चाहिए। छात्रों ने बताया कि बर्लिन में भारतीय दूतावास से उन्होंने संपर्क किया तो वहां से जवाब मिला कि उनके पास समय नहीं है।
वैशाली ने शनिवार को यह जानकारी दी कि उसने मदद वाली ट्वीट में प्रधानमंत्री, विदेशमंत्री, जर्मनी में भारतीय दूतावास, पीएमओ ऑफिस को टैग किया था, पर किसी ने मदद नहीं की।
सोमवार तक मिल जाएंगे पासपोर्ट
आईआईएम के प्रो. अजित प्रसाद ने बताया कि 15 सितंबर की रात इन विद्यार्थियों के पासपोर्ट यूथ हॉस्टल में उनका लॉकर तोड़कर चोरी कर लिए गए थे। इसके बाद उन लोगों ने संस्थान से संपर्क किया और तत्काल उनको मदद मुहैया कराने के प्रयास शुरू हो गए।
सोमवार को इन सभी को पासपोर्ट उपलब्ध हो जाएंगे। इसके लिए भारतीय दूतावास पूरा सहयोग कर रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान के करीब 70 विद्यार्थी एकेडमिक टूर पर यूरोप और कनाडा के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में गए हैं।
इंटरनेशनल लिंकेज के चेयरमैन प्रो. देवाशीश दास गुप्ता ने बताया कि इन विद्यार्थियों का टूर दिसंबर द्वितीय सप्ताह तक है। उन्होंने भी दावा किया कि इस मामले में जैसे ही आईआईएम लखनऊ ने भारतीय दूतावास से संपर्क किया वहां से मदद मिलने लगी।