UP की सड़कों पर गुंडाराज, चलती कार पर फेंके बम
मंगलवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना राजधानी में हुई। राजकीय निर्माण निगम के तीन अधिकारियों की चलती कार पर बम से हमला किया गया।
नकाबपोश बदमाशों ने कुछ ही मिनटों में कार पर एक के बाद एक तीन बमों से हमला किया। इस पूरे प्रकरण से अधिकारियों के साथ ही सड़क पर चल रहे लोगों में भी दहशत फैल गई।
मंगलवार दोपहर राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर आरके सिंह, जीएम अरविंद त्रिवेदी और डीएम एएम शर्मा एक ही कार में सवार थे।
ये तीनों अधिकारी हाईकोर्ट की यूनिट नम्बर एक में निरीक्षण के बाद कार से निकले। हाईकोर्ट के मेन गेट ये निकलते ही कुछ ही दूरी पर ये हादसा हो गया।
आरके सिंह ड्राइवर सीट के पास वाली सीट पर बैठे थे। सबसे पहला बम उनके गेट के पास आकर गिरा।
वहीं कुछ देर बाद कार के दाहिने दरवाजे के पास धमाका हुआ। ये लोग संभल पाते उससे पहले ही तीसरा बम भी आ गिरा।
सामने ही खड़े थे दो नकाबपोश
इस हादसे से तीनों बहुत सकपका गए। ड्राइवर ने संभलते हुए गाड़ी को रोका। वहीं से निर्माण निगम के इन अधिकारियों ने पुलिस को भी सूचना की।
हादसे के बाद जब तीनों ने कार रोककर सामने देखा तो वहां बाइक पर दो नकाबपोश युवक खड़े थे। युवकों के हाथ में वो सूतली बम थे जिससे ये धमाका हुआ।
कार रूकते ही बदमाश फरार हो गए। पुलिस मौका ए वारदात पर पहुंची। इस समय पुलिस इस मामले की तफ्तीश कर रही है। इस घटना को लेकर पुलिस झुब्ध हो गई।
इस हादसे से सड़क पर चल रहे दूसरे लोग भी प्रभावित नजर आए। दिन दहाड़े हुई ये घटना यूपी की पुलिस और प्रशासन दोनों पर ही सवालिया निशान लगा रही है।
तीनों अधिकारियों को कार के शीशे चढ़े होने की वजह से कोई बड़ी चोट नहीं आई है।