कब्र में जिंदा मिली मासूम, गायब हुई मां!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के मड़ियांव स्थित हरिओमनगर में किराए के मकान में अपनी मां के साथ रहने वाली मासूम सोमवार सुबह सीतापुर के कमलापुर इलाके में गन्ने के खेत में कब्र में कराहती मिली।
गला दबाने के बाद उसे छोटा गड्ढा खोदकर दफनाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची ने नाम-पता बताया। तहकीकात शुरू हुई तो गुत्थी उलझती चली गई।
दरअसल, पांच दिन पहले मां ने उसे स्कूल से छुट्टी दिलाई और एक बच्चे को लेकर कार से आए जोड़े के साथ निकली थी।
इसके बाद से बच्ची की मां लापता है। उसका मोबाइल बंद होने से अनहोनी की आशंका जताई जा रही है।
किसान महिला ने सुनी बच्ची की आवाज
पुलिस के मुताबिक, सीतापुर के मानपुर थाने के गांव नेवराजपुर पट्टी में खेत पर काम रही एक महिला ने गन्ने के खेत में एक बच्ची के कराहने की आवाज सुनी।
महिला ने बच्ची को कब्र से बाहर निकाला और आसपास के लोगों को जानकारी दी। माना जा रहा है कि बच्ची के होश में आने पर हाथ-पैर चलाने से कब्र की मिट्टी हट गई।
जिला अस्पताल में हालत सुधरी तो बच्ची ने अपनी पहचान मड़ियांव थाने के सेमरा गौढ़ी निवासी विमलेश अवस्थी की बेटी तनु (5) के रूप में बताया।
मां ही तो नहीं की घिनौनी वारदात?
उसने बताया कि वह कृष्णा कॉन्वेंट स्कूल में केजी-2 की छात्रा है और उसकी मां का नाम रुचि बताया।
सीतापुर पुलिस ने मड़ियांव थाने संपर्क करके मामले की जानकारी दी। मड़ियांव में कोई गुमशुदगी दर्ज न होने पर पुलिस टीम गांव में तहकीकात करने पहुंची।
पुलिस का मानना है कि मामले की गुत्थी बेहद उलझी हुई है। पुलिस रुचि को तलाश रही है। फिलहाल उसका मोबाइल फोन बंद है। उसकी कॉल डिटेल जुटाई जा रही है।
पांच-छह दिन ही स्कूल गई थी बच्ची
कृष्णा कॉन्वेंट स्कूल के प्रिंसिपल रॉबिन सागर से पता चला कि तनु का 5 अगस्त को ही केजी-2 में दाखिला हुआ था। उसकी मां रुचि ने खुद को विधवा बताया था।
दाखिले के बाद तनु की स्कूल में सिर्फ पांच-छह दिन की हाजिरी दर्ज है। रुचि 20 अगस्त को अपनी बेटी तनु को साथ लेकर स्कूल आई थी और चार-पांच दिन के लिए बाहर जाने की बात कहकर उसे साथ लेकर चली गई थी।
स्कूल में तहकीकात के बाद पुलिस टीम रुचि का पता लगाने मोहल्ला हरिओमनगर पहुंची।
उलझती गई गुत्थी
मकान मालिक रमेश लोधी ने पुलिस टीम को बताया कि गांव सेमरा गौढ़ी के राजबहादुर यादव की पत्नी सविता के माध्यम से रुचि अपनी बच्ची के साथ 8 अगस्त उसके मकान में किराए पर रहने आई थी।
वहीं दूसरे किराएदार मो. रईस ने खुलासा किया कि पांच दिन पहले कार सवार महिला-पुरुष एक बच्चे को साथ लेकर रुचि से मिलने आए थे।
कुछ देर बाद रुचि और तनु भी कार में सवार होकर उनके साथ चले गए थे। पुलिस टीम ने सविता के घर दस्तक दी।
वह बोली जानकीपुरम की एक महिला के माध्यम से रुचि उसके घर रहने आई थी। उसके साथ मासूम तनु, एक युवक व पूजा नामक लड़की थी।
चार दिन रुकने के बाद रुचि ने रमेश लोधी का मकान किराए पर लिया था। पूजा से तहकीकात में पता चला कि रुचि का परिवार गोमतीनगर में रहता है।
कमरे में पड़े थे बीयर के खाली केन
रुचि के बारे में तहकीकात कर रही पुलिस टीम ने खिड़की से झांककर उसके कमरे का जायजा लिया।
तख्त के नीचे बीयर के कई खाली केन पड़े नजर आए। आसपास के लोगों से पता चला कि रुचि अपनी सहेलियों के साथ बैठकर अक्सर बीयर पीती थी।
कुछ संदिग्ध लोग भी उससे मिलने आते थे। रुचि कहां की रहने वाली है, उसके परिवार में और कौन है, वह क्या काम करती है?
इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।