रास्ते में लड़की से की अश्लीलता फिर खींचा झाड़ियों की ओर
बहराइच के रिसिया थाना अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी किशोरी रात में पड़ोस में गई थी। जब वह वापस लौट रही थी तभी मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी एक एक युवक ने उससे छेड़छाड़ कर अश्लीलता की।
अगवा करने का प्रयास भी किया। किशोरी के शोर मचाने पर परिवारीजन मौके पर पहुंचे तो उन्हें भी धमकी दी। इस मामले में थाने पर तहरीर दी गई है। आरोपी युवक घटना के बाद से फरार है।
रिसिया थाना अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी 13 वर्षीय छात्रा कस्बे में स्थित एक इंटर कॉलेज में जूनियर कक्षा में पढ़ती है। उसे मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी सिराज अहमद काफी दिनों से परेशान कर रहा था।
सोमवार देर शाम को किशोरी घरेलू कार्य से पड़ोस में एक व्यक्ति के यहां गई थी। वापस लौटते समय सिराज रास्ते में मिल गया। उसने अश्लीलता करते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी।
चीख सुनकर आसपास के लोग हुए इकट्ठा
किशोरी को जबरन खींचकर झाड़ियों में ले जाने की कोशिश की। किशोरी की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। परिवारीजन भी इकट्ठा हो गए। मौके पर मौजूद सिराज ने परिवारीजनों को भी धमकी दी।
इसके बाद खिसक गया। रात में ही परिवारीजन किशोरी को लेकर थाने पहुंचे। यहां पर सिराज को नामजद करते हुए तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष जेपी यादव का कहना है कि तहरीर मिली है। आरोपी युवक फरार है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही केस दर्ज कर आरोपी को दबोचा जाएगा।