शोहदे की धमकी से परेशान बीडीएस छात्रा ने लगा ली फांसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के गुडंबा इलाके में शुक्रवार शाम छेड़छाड़ से पीड़ित बीडीएस की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिवारीजनों का आरोप है कि कई हफ्ते से शेरवुड कॉलेज से एमबीए कर रहा अजय विश्वकर्मा छात्रा को परेशान कर रहा था।
शुक्रवार दोपहर छात्रा परीक्षा देने इरम कॉलेज गई थी जहां अजय ने उसे जबरन रोककर धमकी दी। उसका मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया। घबराई छात्रा ने घर आने के बाद खुद को कमरे में कैद कर लिया।
शाम करीब सात बजे परिवारीजनों ने दरवाजा खटखटाया तो भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजे से झांकने पर छात्रा का शव लटका देख चीख-पुकार मच गई।
छात्रा के पिता बलरामपुर में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। छात्रा यहां चाचा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। छात्रा के रिश्तेदार ने बताया कि आरोपी अजय भी उतरौला का ही रहने वाला है और यहां इंदिरानगर सेक्टर 25 में किराये के मकान में रहकर मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा है।
नहीं मिला था महिला हेल्पलाइन नंबर
अक्सर वह छात्रा का पीछा करता। कई बार छात्रा ने परिवारीजनों से उसकी हरकतों के बारे में बताया। परिवार के लोगों ने भी अजय को समझाया लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
तीन दिन पहले अजय ने तेजाब से चेहरा जलाने की धमकी भी दी थी। शुक्रवार दोपहर छात्रा को उसके चाचा ने इरम कॉलेज छोड़ा। पर्चा खत्म होने के बाद वह बाहर निकली तो अजय आ गया। उसने छात्रा से अभद्रता की।
विरोध करने पर पीटा और मोबाइल फोन लेकर तोड़ डाला। विरोध करने पर अजय धमकी देते हुए वहां से चला गया। परिवारीजन के मुताबिक छात्रा के छेड़छाड़ की शिकायत करने पर उसे वीमेन पावर लाइन 1090 पर सूचना देने के लिए कहा था।
छात्रा ने कई बार वीमेन पावर लाइन का नंबर मिलाया लेकिन कॉल नहीं लगी। अक्सर वहां का फोन बिजी बताता था। कई बार मिलाने के बाद भी नंबर नहीं लगा तो उसने वहां फोन करना ही बंद कर दिया।