{"_id":"f2b63a1989e0c426885e79f841629096","slug":"bsp-leader-murder-in-aminabad","type":"story","status":"publish","title_hn":"बीच बाजार बसपा नेता की गोली मारकर हत्या","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
बीच बाजार बसपा नेता की गोली मारकर हत्या
संजय त्रिपाठी/लखनऊ
Updated Mon, 30 Sep 2013 02:45 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमीनाबाद इलाके की मौलवीगंज पुलिस चौकी से पचास कदम दूर टेम्पो स्टैंड के सामने दुस्साहसी शूटरों ने रविवार शाम बसपा के एक नेता को सरेराह गोलियों से भून डाला।
विज्ञापन
तिराहे पर खड़े चौकी इंचार्ज ने पुलिस मित्रों की मदद से एक शूटर को पिस्टल समेत धरदबोचा, जबकि दूसरा फरार हो गया। वारदात से अमीनाबाद बाजार में दहशत फैल गई।
विज्ञापन
हत्थे चढ़े शूटर ने कुबूला कि छावनी परिषद के चुनाव की रंजिश में सीरियल किलर सलीम के इशारे पर सनसनीखेज वारदात अंजाम दी है।
एसपी सिटी पश्चिम अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि सदर कैंट के आजाद मोहाल निवासी बसपा नेता व छावनी परिषद के पूर्व निर्वाचित सदस्य श्याम नारायण पांडेय उर्फ पप्पू (46) आज शाम 4:50 बजे अपनी कार से अमीनाबाद टेम्पो स्टैंड पहुंचे।
विज्ञापन
सियासी रार बनी बसपा नेता की हत्या का कारण
ड्राइवर गोपाल उर्फ गोविंद शर्मा ने सड़क किनारे कार खड़ी की और श्याम नारायण पैदल ही सड़क के दूसरी तरफ स्थित पाकीजा जूस सेंटर जा रहे थे। वहां बाराबंकी निवासी आमिर नामक व्यक्ति ने नाजा मार्केट की एक प्रॉपर्टी के सौदे के सिलसिले में बातचीत के लिए बुलाया था।
श्याम नारायण जूस की दुकान की तरफ बढ़े ही थे कि पीछे से आए दो बदमाशों में से एक ने उन्हें निशाना बनाकर पिस्टल व तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ पांच गोलियां चलने से इलाके में भगदड़ मच गई।
खून से लथपथ श्याम नारायण के सड़क पर गिरते ही शूटर तमंचा व पिस्तौल लहराते हुए थोड़ी दूर स्थित गली से भागा, जबकि दूसरा बदमाश मेन रोड से भाग निकला। खून से लथपथ श्याम नारायण को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना स्थल से पचास कदम दूर स्थित मौलवीगंज पुलिस चौकी के सामने तिराहे पर खड़े चौकी इंचार्ज सुभाष सिंह फायरिंग की आवाज सुनकर दौडे़।
इस बीच पिस्टल लहराते हुए भाग रहे शूटर को पुलिस मित्रों ने भी दौड़ा लिया। घेराबंदी होते देख शूटर इंदिरा मार्केट में जा घुसा। भीड़ में छुपते हुए पेशाबघर की तरफ बढ़ा।
वहां पिस्टल दुबारा लोड करने की कोशिश कर रहा था कि चौकी इंचार्ज ने पुलिस मित्रों की मदद से धर दबोचा। हत्थे चढ़े शूटर की पहचान चिनहट के रामलीला ग्राउंड के पास स्थित पहलवान का हाता निवासी रोमेश शर्मा उर्फ सुनील के रूप में हुई।
उसके कब्जे से पिस्टल, पांच खोखे व 315 बोर के कारतूस बरामद हुए। कुबूला कि वारदात में इस्तेमाल एक तमंचा भागने के दौरान बाजार में गिर गया है।
अमीनाबाद बाजार में बसपा नेता की हत्या की सूचना पर एसपी सिटी पश्चिम व सीओ कैसरबाग के साथ अमीनाबाद, कैसरबाग, नाका व वजीरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मौके से फरार बदमाश की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। हत्थे चढ़े शूटर को कोतवाली ले जाकर कड़ाई से पूछताछ में खुलासा किया कि तिहाड़ जेल में बंद सीरियल किलर सलीम के इशारे पर वारदात अंजाम दी है।
सलीम व श्याम नारायण के बीच पुरानी अदावत थी। सीरियल किलर सलीम के भाई जावेद की 12 वर्ष पहले हत्या में श्याम नारायण का नाम आया था।
अब छावनी परिषद के चुनाव में सलीम अपनी पत्नी अंजुम को मैदान में उतार रहा है और श्याम नारायण की पत्नी पूनम पांडेय चुनाव लड़ने की तैयारी में है। इसी रंजिश के चलते वारदात अंजाम दी गई है।