फेसबुक पेज हैक कर महिला से की ब्लैकमेलिंग, रिपोर्ट दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ में गोमती नगर इलाके में जालसाज ने मेकअप स्टूडियो संचालिका को साइबर सेल के नाम से कॉल की। फेसबुक पेज के खिलाफ शिकायत की घुड़की देकर ओटीपी पूछा। इसके बाद फेसबुक पेज हैक करके ब्लैकमेलिंग शुरू की।
दो किश्तों में चार हजार रुपये पेटीएम कराए। फेसबुक पेज लौटाने के नाम पर पांच हजार और मांगने पर संचालिका ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत की। हजरतगंज कोतवाली में केस दर्ज करके जालसाज की तलाश शुरू की गई है।
पुलिस के मुताबिक, साउथ सिटी के आकाश शुक्ला की पत्नी ईशा शुक्ला का गोमती नगर के विनय खंड में हुसड़िया चौराहे के पास आईएमबी सैलून है। इसका करीब आठ महीने से फेसबुक पेज आईएमबी प्रोफेशनल मेकअप बाई ईशा के नाम से प्रचार किया जा रहा था।
करीब 30 हजार लोग फेसबुक पेज से जुड़े थे। ईशा का कहना है कि 14 मई की शाम एक व्यक्ति ने कॉल की। बताया कि साइबर सेल से बोल रहा है, फेसबुक पेज के खिलाफ शिकायत है।
भविष्य में फेसबुक पेज चलाना है तो ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) बताएं। यकीन न हो तो मेरा नंबर ट्रू कॉलर पर चेक कर लें। कॉल करने में इस्तेमाल नंबर को ट्रू-कॉलर पर सर्च किया। साइबर सेल के नाम से नंबर दर्ज होने पर ईशा ने उसे ओटीपी बता दिया।
साइबर क्राइम सेल पर की शिकायत
थोड़ी देर बाद फेसबुक पेज हैक करके संचालकों को हटाने के साथ जालसाज ने ईशा से रकम की मांग की। जालसाज ने 16 मई को कॉल करके फेसबुक पेज लौटाने के नाम पर चार हजार रुपये पेटीएम करने को कहा।
ईशा ने उसके बताए नंबर पर दो किश्तों में चार हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद जालसाज ने पांच हजार रुपये और मांगने के साथ धमकाना शुरू किया। ईशा ने पुलिस से शिकायत की बात कही तो उसने किसी के द्वारा पकड़ न पाने की बात कही।
बोला कि रकम देने पर ही फेसबुक पेज लौटाएगा। ईशा ने अपने पति के साथ साइबर क्राइम सेल पहुंचकर शिकायत की। इसके बाद हजरतगंज कोतवाली में केस दर्ज कराया। ईशा को कॉल करने व पेटीएम कराने में इस्तेमाल नंबरों को सर्विलांस पर लेकर जालसाज की तलाश की जा रही है।