{"_id":"1e68bd087d797e375d5e747f1e6f550f","slug":"adm-s-family-threatened","type":"story","status":"publish","title_hn":"एडीएम के परिवार से अभद्रता, तान दी रिवॉल्वर","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
एडीएम के परिवार से अभद्रता, तान दी रिवॉल्वर
विवेक त्रिपाठी/लखनऊ
Updated Wed, 18 Dec 2013 02:42 AM IST
विज्ञापन
गोमतीनगर में सोमवार रात एक शादी समारोह में गए एडीएम कानपुर देहात के परिवारवालों से कार सवारों ने अभद्रता की।
विज्ञापन
विरोध करने पर एडीएम के भतीजे से मारपीट की और रिवॉल्वर तान दिया। भीड़ एकत्र होने पर कार सवार भाग निकले।
परिवारवालों की तरफ से गोमतीनगर थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है। छानबीन में पता चला है कि अभद्रता करने वाले कार सवार बाराबंकी में तैनात एसओजी के सिपाही थे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
एडीएम सूर्य मणि लाल चंद्र का परिवार गोमतीनगर के विवेक खंड में मकान संख्या 2/277 में रहता है।
सोमवार रात करीब आठ बजे एडीएम की पत्नी-बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य किसी परिचित के शादी समारोह में शामिल होने विराट खंड तीन स्थित सामुदायिक केंद्र गए थे।
विज्ञापन
बताते हैं कार में एक महिला बैठी थीं, जिनके पैर में चोट थी। इसके चलते सामुदायिक केंद्र के गेट के सामने कार रोककर उन्हें उतारा जा रहा था। इसी दौरान पीछे से एक सफेद रंग की कार आ गई।
विज्ञापन
इसमें से दो वर्दीधारी उतरे और कप्तान साहब की कार बताते हुए हटने को कहा। एडीएम के परिवारवालों ने कुछ इंतजार करने को कहा। इस पर वर्दीधारी भड़क गए और अभद्रता करने लगे।
एडीएम के साले के बेटे ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की। इस बीच शोर-शराबा सुनकर लोगों के जुटने पर वर्दीधारियों ने रिवॉल्वर निकाल ली।
असलहे देखकर किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम फोन कर दिया। पुलिस के आने की जानकारी होतेे ही आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। हड़बड़ाए परिवारवालों ने एडीएम को पूरे मामले की जानकारी दी,इसके बाद उन्होंने गोमतीनगर पुलिस से संपर्क किया।
गोमतीनगर पुलिस का कहना है कि एडीएम के रिश्तेदार मनीष कुमार की तरफ से एफआईआर दर्ज कर वर्दीधारियों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक छानबीन में दोनों वर्दीधारियों सिपाही निकले। इनके बाराबंकी में एसओजी में तैनात होने की जानकारी मिली है।