घर में अकेली महिला की तीन बेटियों सहित हत्या, सनसनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौरावां कसबे के मोहल्ला चौधराना में अनिवासी भारतीय की पत्नी और उनकी तीन बेटियों की हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त इन चारों के अलावा घर में कोई नहीं था। घर के दरवाजे भी अंदर से बंद थे।
अनुमान है कि हत्यारे बगल के मकान से छत के रास्ते आए थे। बुधवार सुबह पड़ोस में रहने वाली महिला की सास के आने पर हत्याकांड का पता चला। छत के रास्ते घर में पहुंची पुलिस ने शव बरामद किए। शव खून से सने थे। उन पर चोटों के निशान भी थे। उनसे बदबू उठ रही थी।
इससे अनुमान है कि इन्हें सोमवार रात को मारा गया। हत्या क्यों और किसने की, फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है। पुलिस दुष्कर्म की आशंका पर भी जांच कर रही है। आई, डीआईजी, एसपी आदि ने भी मौका मुआयना किया। पति को सूचना भेज दी गई है। उसके विदेश से आने का इंतजार किया जा रहा है।
देर तक मेन गेट खटखटाती रही
चौधराना मोहल्ले के मनोज कुमार अपने बेटे आनंद (24) के साथ विदेश में नौकरी करते हैं। पत्नी सरिता देवी (40) अपनी बेटी मोनिका (20), महिमा उर्फ मोनू (15) व आस्था (10) के साथ घर पर रहती थीं। मनोज की मां चंद्रावती घर के बगल में दूसरे मकान में अन्य बेटों के साथ रहती हैं।
चंद्रावती बुधवार सुबह बहू सरिता से सतुआ पीसने की चकिया मांगने पहुंची। देर तक मेन गेट खटखटाती रहीं। कोई उत्तर न मिलने और घर से अंदर से बदबू उठती देख छत पर गईं। आंगन में झांका तो सरिता व उनकी दो बेटियों के शव देख चीख पड़ीं।
एक चारपाई पर सरिता सबसे छोटी बेटी आस्था के साथ मृत पड़ी थीं। पास में दूसरी चारपाई पर महिमा का शव था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। बगल के मकान से छत के रास्ते भीतर पहुंची पुलिस को बड़ी बेटी मोनिका का शव कमरे में तख्त पर पड़ा मिला।
तीनों के शव खून से सने थे। चेहरों पर वजनी चीज से प्रहार के निशान थे। सभी के शरीर पर बड़े़ फफोले भी थे। चंद्रावती के मुताबिक सोमवार शाम तक सभी को जीवित देखा गया था।
एसपी ने कहा, विषाक्त भोजन खाने से हुई मौत
घटना की जानकारी पाते ही डीआईजी आर के एस राठौर, एसपी नेहा पांडेय ने मौके पर पहुंचकर जांच की। लखनऊ से आई फारेंसिक टीम ने नमूने लिए।
दोपहर बाद तक विषाक्त भोजन से मौत की बात कह रहीं एसपी ने फारेंसिक टीम की जांच के बाद घटना को हत्या करार दिया।
दोपहर तक परिजनों को शव नहीं देखने दिए गए। भड़के परिवारीनजों ने हंगामा कर पुलिस को शव उठाने से मना कर दिया। घंटों हंगामा चला। बाद में पुलिस ने सख्ती दिखाई और भीड़ को भगाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एसपी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है। देर शाम आईजी ए सतीश गणेश भी मौके पर पहुंच गए।