'बड़ी गलती' करने पर शिक्षक ने छात्र को नंगा करके पीटा!
बाराबंकी के मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम शहाबपुर में मदरसा सुन्नतुल उलूम में रहकर कक्षा एक में पढ़ रहे आठ वर्षीय छात्र को उसकी गलती के लिए शिक्षक ने उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। जिससे उसके शरीर पर जगह-जगह निशान पड़ गए हैं। आरोपी शिक्षक का कहना है कि छात्र ने बड़ी गलती की इसलिए उसे पीटा।
शिक्षक ने दो दिनों तक छात्र को भूखा भी रखा। पीड़ित छात्र का निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया जा रहा है। पीड़ित के पिता ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से की है।
रामनगर के ग्राम दल सराय निवासी नाजिम अली का आठ वर्षीय पुत्र मो. सिराज मसौली थाना क्षेत्र के मदरसा सुन्नतुल उलूम शहाबपुर में रह कर पढ़ता है। नाजिम ने बताया कि मो. सिराज का मदरसा के शिक्षक अब्दुल लतीफ के भतीजे वसीम से 2 जनवरी को किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था।
इस पर रात को शिक्षक अब्दुल लतीफ ने सिराज के कपडे़ उतराकर डंडे से जमकर पीटा। इतना ही नहीं उसे दो दिन तक विद्यालय में बंधक बनाकर भूखा रखा।
शिक्षक ने कहा, उसने बहुत बड़ी गलती की
4 जनवरी से विद्यालय में अवकाश होने की जानकारी पर नाजिम उसे लेने मदरसा पहुंचा। पिता को देख सिराज रो पड़ा और पूरी बात बताई। नाजिम ने बताया कि मामले की शिकायत मदरसे में की गई लेकिन किसी ने एक न सुनी। पीड़ित छात्र के पिता नाजिम अली ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से की है।
वहीं, आरोपी शिक्षक अब्दुल लतीफ ने सफाई दी है कि सिराज ने बहुत बड़ी गलती की थी। जिसके लिए उसे पीटा था। विद्यालय में बच्चों में अनुशासन रखने के लिए यह किया जाता है। उनसे कोई नाराजगी या दुश्मनी नहीं रहती। अभिभावक को सूचना नहीं दिए जाने की गलती समय के अभाव में हुई है।
इस मामले पर एसपी अब्दुल हमीद का कहना है कि शहाबपुर स्थित मदरसा में किसी शिक्षक द्वारा बंधक बनाकर छात्र की पिटाई व भूखा रखने के मामले की जानकारी करने के बाद पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई की जाएगी।