शिक्षक की पिटाई से बेहोश छात्रा को दो घंटे बाद आया होश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इमला लिखने में नाकाम चौथी दर्जे की छात्रा की हेडमास्टर ने इतनी बेदर्दी से पिटाई कर दी कि वह बेहोश होकर गिर पड़ी। इस पर भी बेरहमी की हद पार करते हुए बेहोश बच्ची का इलाज कराने के बजाय उसे बच्चों से उठवाकर घर भेज दिया। परिवारीजन बच्ची को लेकर सीएचसी अमेठी पहुंचे, जहां करीब दो घंटे बाद उसे होश आया।
डीएम ने एसडीएम अमेठी से पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब की है। अमेठी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय हथकिला में तैनात हेडमास्टर राकेश तिवारी शनिवार को उस समय अपना आपा खो बैठे जब कक्षा चार की छात्रा करिश्मा इमला नहीं लिख पाई।
इस पर तिवारी ने करिश्मा की डंडे से पिटाई कर दी जिससे वह कक्षा में ही बेहोश होकर गिर पड़ी। हेडमास्टर ने बेहोश छात्रा का इलाज कराने के बजाय स्कूल के चार बड़े बच्चों से उठवाकर घर भिजवा दिया।
घर में बच्ची की दादी बेहोश करिश्मा को ग्रामीणों की मदद से तत्काल सीएचसी अमेठी लाईं, जहां उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। करीब दो घंटे बाद करिश्मा को होश आया। करिश्मा ने बताया कि गुरुजी ने इमला बोली थी जिसे वह नहीं लिख सकी। तब उन्होंने पहले हाथ से फिर डंडे से उसके सिर व पैर पर खूब मारा। पिटाई से वह गिर गई। उसके बाद उसे कुछ पता नहीं है।
घटना के बाद डीएम ने दिया बयान
डीएम जगतराज त्रिपाठी ने एसडीएम सुभाषचंद्र प्रजापति से पूरे प्रकरण पर रिपोर्ट तलब की। अवकाश पर गए बीएसए आनंद पांडेय ने दूरभाष पर अमेठी के बीईओ एचएन सिंह और जिला समन्वय समेकित शिक्षा आरके सिंह को मौके पर जाकर मामले की जांच करने का निर्देश दिया है।
शिक्षक को समझा दिया गया : डीएम
जिलाधिकारी जगतराज त्रिपाठी ने कहा कि एसडीएम की जांच में बच्ची को एक थप्पड़ मारने की पुष्टि हुई है। शिक्षक को समझा दिया गया है। प्रधानाध्यापक उसी गांव के निवासी है। गांव के कुछ लोग मामले को तूल दे रहे हैं।
छात्रा के पिता को भी पीटा
स्कूल में हेडमास्टर की पिटाई से पुत्री के बेहोश होने की खबर मिलने पर पिता सुनील कोरी मामले की जानकारी करने स्कूल पहुंच गए। सुनील का आरोप है कि जब वह स्कूल पहुंचकर हेडमास्टर से पुत्री को पीटने की वजह पूछ रहे थे तो उन्होंने उसकी भी पिटाई कर दी।
आरोप निराधार
हेडमास्टर राकेश तिवारी ने आरोपों को निराधार बताया। कहा कि बच्ची इमला नहीं लिख रही थी। तब मैंने कहा कि जब तक तुम लिखोगी नहीं, खाना नहीं मिलेगा। थोड़ी देर बाद वह पानी पीने की बात कह घर चली गई। बाद में बच्ची का पिता नशे में पहुंचा और बेटी की पिटाई का आरोप लगाने लगा।