अफेयर में हुआ बवाल तो मंगेतर ने शादी के एक दिन पहले लड़की पर केरोसिन फेंक लगाई आग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बहराइच के जरवल कस्बा निवासी एक युवक व युवती का निकाह रविवार शाम को होना था। शनिवार रात दोनों के परिवारीजनों के बीच हुए विवाद के बाद मामला चौकी में पहुंच गया। जिससे परेशान होकर युवक, युवती के घर आ धमका। केरोसिन छिड़क कर उसने युवती को जिंदा जलाने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे सीएचसी मुस्तफाबाद में भर्ती कराया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने युवती का बयान दर्ज कर लिया है। तहरीर नहीं मिलने के कारण केस नहीं दर्ज किया गया है।
जरवलरोड थाना अंतर्गत जरवल कस्बा के एक मोहल्ला निवासी 18 वर्षीय युवती का घर के सामने रहने वाले युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवती के परिवार वाले पुत्री की जिद के चलते शादी के लिए तैयार हो गए थे। लेकिन युवक के परिवार के लोग शादी नहीं करना चाहते थे।
इसी बात को लेकर विवाद भी चल रहा था। मामला जरवलरोड थाने में पहुंचा था। प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर वर्मा ने दो दिन पूर्व दोनों पक्षों को बुलाकर सुलह समझौता कराया था। जिसमें रविवार को निकाह किए जाने पर सहमति बनी थी। शनिवार शाम युवती का भाई घर के बाहर निकला था।
जिस पर कहासुनी के बाद लड़के के परिवार वालों ने उसकी पिटाई कर दी। लड़की की मां से भी मारपीट की। जिस पर मां जरवल चौकी में मामले को लेकर पहुंच गई। इसी बात से नाराज होकर देर रात युवक युवती के घर पहुंच गया। उसके हाथ में केरोसिन का डिब्बा भी था।
हालात गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया
युवती पर केरोसिन छिड़क कर युवक ने उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। आसपास के लोगों की सूचना पर गंभीर हालत में सीएचसी मुस्तफाबाद में भर्ती कराया गया। यहां रविवार सुबह हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दो दिन पूर्व कराई गई थी सुलह
जरवलरोड थाने के प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर वर्मा ने बताया कि विवाद होने के बाद दो दिन पूर्व डायल 100 की पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर आई थी। जिसके बाद दोनों पक्षों में सुलह समझौता कराया गया था। जिसमें दोनों पक्ष निकाह के लिए तैयार हो गए थे।
रविवार का दिन निकाह के लिए तय किया गया था। लेकिन इसी बीच घटना हो गई। मामले में जरवल चौकी इंचार्ज इंद्रसेन सिंह ने अस्पताल जाकर युवती का बयान दर्ज किया है।
युवती को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। परिवारीजनों के तहरीर देने पर केस दर्ज कर मामले की विवेचना की जाएगी।