नाबालिग नौकरानी से रेप करता रहा और दूसरे युवक पर दर्ज करवाया केस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बलरामपुर अस्पताल में तैनात एक नर्स का पति नाबालिग नौकरानी का कई दिन तक यौनशोषण करता रहा। दरिंदगी से आजिज आकर लड़की भाग निकली तो आरोपी ने एक अन्य युवक पर अपहरण का शक जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।
उधर, पीजीआई इलाके में भटकते मिली लड़की को पुलिस ने चाइल्ड लाइन पहुंचा दिया। उसने मजिस्ट्रेट के समक्ष अपने मालिक की दरिंदगी की कहानी सुनाई और रो पड़ी। मजिस्ट्रेट के आदेश पर वजीरगंज पुलिस ने सोमवार सुबह दरिंदे को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर वजीरगंज महंथ यादव ने बताया कि बलरामपुर अस्पताल में कार्यरत नर्स का पति विवेक कृपाल लखीमपुर खीरी के एक गांव का निवासी है और गांव से ही एक लड़की को घरेलू काम के लिए लाया था। लड़की से काफी दिनों तक छेड़खानी करता रहा।
विगत दिनों पत्नी के ड्यूटी पर जाने के बाद लड़की को बुरी तरह धमकाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद आए दिन दरिंदगी करने लगा। अशिक्षित लड़की अपने मालिक की हरकतों से तंग आकर भाग निकली।
कूड़ा उठाने वाले युवक पर दर्ज करवाया अपहरण का केस
विवेक ने आसपास तलाश की और 26 मार्च को लड़की की गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराने के साथ नगर निगम की तरफ से कूड़ा उठवाने वाले एक युवक पर अपहरण का अंदेशा जताया।
मुकदमे की तफ्तीश रिवरबैंक चौकी इंचार्ज अभय सिंह को सौंपी गई। उन्होंने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वह खुद को बेगुनाह बताता रहा। इस बीच लापता लड़की के चाइल्ड लाइन पहुंचने की सूचना मिली।
पता चला कि बलरामपुर अस्पताल के आवासीय परिसर से भागी लड़की भटकते हुए पीजीआई क्षेत्र में पहुंच गई थी और पीजीआई पुलिस ने उसे चाइल्ड लाइन पहुंचाया था। लड़की को किशोर बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। वह बोर्ड के सामने रो पड़ी।
बताया कि बलरामपुर अस्पताल की नर्स के घर नौकरी करती थी। नर्स का पति विवेक कृपाल उससे दरिंदगी कर रहा था। मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज करके विवेक को गिरफ्तार कर लिया है।