प्रेमी संग मिल चाची ने कराई छात्र की हत्या, मांगी फिरौती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मड़ियांव में नर्सरी के छात्र केशव शुक्ला (5) की रविवार शाम अपहरण के छह घंटे बाद ही बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। दरिंदों ने मासूम का शव रायबरेली के महाराजगंज हैदरगंज नहर के पास कूड़े के ढेर में फेंक दिया था। बृहस्पतिवार को बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस ने वारदात का खुलासा किया।
हालांकि, मासूम का शव बरामद नहीं हो सका। आरोपियों को मौके पर लेकर पहुंची पुलिस को सिर्फ कपड़े और खोपड़ी मिली है। पुलिस का कहना है कि शव जानवर नोंचकर खा गए हैं। बरामद अवशेष को डीएनए जांच के लिए भेजा जाएगा।
एएसपी ट्रांस गोमती मनीराम यादव ने बताया कि सीतापुर रोड सेक्टर ए स्थित ईडब्ल्यूएस कॉलोनी निवासी मासूम केशव के अपहरण और हत्या के आरोप में उसकी सगी चाची सीतापुर निवासी निधि शुक्ला, बाराबंकी के बदौसराय सिरौली गौसपुर के जसवंत, सीतापुर कोतवाली के परगोई निवासी कुलदीप शुक्ला, रायबरेली के शिवगढ़ स्थित रामगढ़ गांव के सूरज उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया गया है।
कुछ दिन पहले निधि ने जसवंत को घर पर दस लाख रुपये रखे होने की जानकारी दी थी जिसके बाद उसने केशव के अपहरण की साजिश रची।
आंशिक रूप से दृष्टिबाधित मनीष शुक्ला के बड़ा बेटा केशव रविवार शाम करीब चार बजे दादी मिथिलेश के साथ मोहल्ले में ही एक परिवार में आयोजित सत्यनारायण की कथा में शामिल होने गया था। आरती के दौरान केशव गायब हो गया था।
अवैध संबंध में बनी गुनहगार
निधि की दो माह पहले ही केशव के दृष्टिबाधित चाचा आशीष से शादी हुई थी। निधि का एक साल से जसवंत से अवैध संबंध था। जसवंत राजधानी में प्लेसमेंट एजेंसी चलाता था और निधि के मोहल्ले में ही किराये के मकान में रहता था।
शादी के बाद भी निधि के उससे संबंध थे। जमीन खरीदने के लिए जसवंत के पैसे मांगने पर निधि ने उसे घर में पैसे होने की जानकारी दी थी।
पांचवे आरोपी की तलाश
जसवंत ने साथ रहने वाले सूरज उर्फ छोटू और निधि के मकान में किराये पर रहने वाले अपने दोस्त कुलदीप को भी उसने साजिश में शामिल किया। वारदात में एक अन्य आरोपी सूरज का ममेरा भाई हीरालाल उर्फ होरी भी शामिल था। एएसपी ने बताया कि होरी ने ही बच्चे की गला दबाकर हत्या की थी। उसकी तलाश की जा रही है।
एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने वारदात का खुलासा करने वाले इंस्पेक्टर नागेंद्र चौबे, सर्विलांस प्रभारी धीरेंद्र कुमार शुक्ल, धीरज सिंह, अनुराग मिश्रा, रामनिवास शुक्ला, धीरेंद्र यादव, प्रदीप तिवारी, प्रमोद पांडेय, सरताज अहमद, मनोज यादव, मड़ियांव के दरोगा जगदीश प्रसाद पांडेय, संजय सिंह की सराहना की है।