ड्यूटी पर जा रहे सिक्योरिटी गार्ड की गोली मारकर हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में बाइक सवार दो हमलावरों ने मंगलवार देर शाम एमसी सक्सेना इंजीनियरिंग कॉलेज में ड्यूटी पर जा रहे सिक्योरिटी गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने साइकिल रुकवाकर थोड़ी देर बातचीत के बाद वारदात अंजाम दी।
पुलिस ने रंजिश की आशंका जताते हुए तहकीकात शुरू की है। सीओ चौक दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि आम्रपाली योजना के एक मकान में किराए पर रहने वाला रामकुमार सिंह (50) एमसी सक्सेना इंजीनियरिंग कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड था। वह रोजाना की तरह मंगलवार शाम 7:30 बजे घर से साइकिल लेकर ड्यूटी करने निकला था।
रास्ते में जेहटा-माल रोड पर गांव हयातनगर के सामने बाइक सवार दो व्यक्तियों ने उसे रोका। कुछ देर तक बातचीत के बाद बाइक की पिछली सीट पर बैठे हमलावर ने रामकुमार की दाहिनी कनपटी पर गोली मारी और दोनों हमलावर फरार हो गए।
बाइक सवार हमलावरों को भागते देख राहगीर दौड़े। पुलिस को कॉल की। आसपास के लोगों ने शिनाख्त करने के साथ पत्नी मधु व बेटे कुलदीप को जानकारी दी। दोनों लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे।
किसी विवाद के चलते हत्या की आशंका
मधु ने पुलिस को बताया कि रामकुमार सुल्तानपुर का मूल निवासी था। सात साल पहले परिवार समेत माल के रामनगर आया था। वहां छुटपुट काम किया। इसके बाद आम्रपाली में किराए के मकान में रह रहा था। बेटा कुलदीप महानगर में एक आढ़ती की दुकान पर नौकरी करता है। उससे बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। वह दामाद विजय कुमार सिंह के साथ रहती है।
इंस्पेक्टर ठाकुरगंज दीपक दुबे ने मधु व कुलदीप से रंजिश के बारे में तहकीकात की। कुछ खास जानकारी न दे पाने पर सुल्तानपुर पुलिस व एमसी सक्सेना इंजीनियरिंग कॉलेज प्रबंधन से रामकुमार के बारे में जानकारी की जा रही है।
सीओ चौक ने बताया कि मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने रामकुमार की बाइक सवार दो व्यक्तियों से कुछ देर तक बातचीत की पुष्टि की है। इसके चलते परिचित द्वारा किसी विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है।