नफरत फैलाने वाले आरएसएस पर फिर लगे पाबंदी, यूपी में चल रहा नाथूराम राज्य: अखिलेश यादव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा पर तीखा हमला बोला। कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश की एकता व सामाजिक सौहार्द के लिए आरएसएस पर पाबंदी लगाई थी। इसलिए समाज के बंटवारे और नफरत फैलाने वाली आरएसएस की विचारधारा पर फिर रोक लगनी चाहिए।
वे गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर हुए कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने प्रखर समाजवादी नेता आचार्य नरेंद्र देव की जयंती पर मोतीमहल में गोमती नदी के किनारे उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के आदर्शों और सिद्धांतों से नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। सपा उनके बताए रास्ते पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। सरदार पटेल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि देश को फिर ऐसे नेता की आवश्यकता है जो संघ की भड़काऊ विचारधारा पर रोक लगा सके।
आचार्य नरेंद्र देव ने आजादी के बाद समाज किस दिशा में जाए, इसके लिए उन्होंने समाज को जागरूक किया। हमने उनका रास्ता अपनाया है। लेकिन आज लोकतंत्र को पंगु करने की कोशिश हो रही है। लोकतंत्र में विपक्ष की रचनात्मक और सार्थक भूमिका को सत्ताधारी दल कुचलना चाहता है।
देश में लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनर्स्थापना के लिए भाजपा सरकार को हटाना जरूरी है। इन कार्यक्रमों में विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, सांसद एसटी हसन, आचार्य नरेंद्र देव के परिवार से यशोवर्धन तथा मीरावर्धन मौजूद रहे।
यूपी में भाजपा चला रही नाथूराम राज्य
अखिलेश ने कहा, भाजपा प्रदेश में रामराज्य नहीं, नाथूराम राज्य चला रही है। लोगों को उनके मूल अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। यूपी 100 की व्यवस्था तहस-नहस कर दी गई है। भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा की सेवाओं को भी बर्बाद कर दिया है।
किसान कर्ज के दबाव से फांसी लगाकर जान दे रहा है। नौजवान का भविष्य अंधकारमय है। भाजपा ने यूपी को हत्या प्रदेश बना दिया है। फर्जी मुकदमों में युवाओं को फंसाकर उनकी जिंदगी बर्बाद की जा रही है।
दुराचार व हत्या की जांच को सपा ने बनाई कमेटी
जांच कमेटी में मैनपुरी के पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव, विधायक अनिल दोहरे, एमएलसी दिलीप यादव, पूर्व विधायक कमलेश दिवाकर तथा पार्टी नेता वरुण गिहार शामिल हैं। इस संबंध में पीड़िता की मां के साथ आए गिहार समाज के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को अखिलेश को ज्ञापन सौंपा।
उत्तराखंड में पलायन का संकट, महिलाएं असुरक्षित
अखिलेश ने कहा, उत्तराखंड के निर्माण में समाजवादी सरकार की भूमिका अहम रही है। पड़ोसी राज्य में पर्यावरण और नदियों का प्रदूषण बड़ी समस्या है। शराब की वजह से पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन में तनाव की स्थिति रहती है। शिक्षा क्षेत्र में अव्यवस्था है। स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई हैं। कृषि क्षेत्र की उपेक्षा से सेब उत्पादक किसान परेशान है। गांव खाली होते जा रहे हैं। पलायन का संकट है, महिलाएं असुरक्षित हैं।