सिपाही भर्ती 2018 : अब जून में होगा चयनित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण, इसलिए बढ़ाना पड़ा समय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिपाही भर्ती 2018 के तहत चयनित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण अब तीन जून से शुरू होगा। प्रशिक्षण निदेशालय ने इसका नया शेड्यूल जारी कर दिया है। पहले 29 अप्रैल से प्रशिक्षण शुरू होना था, लेकिन चयनित अभ्यर्थियों का चरित्र सत्यापन और मेडिकल टेस्ट पूरा न हो पाने के कारण समय बढ़ाया गया है।
प्रशिक्षण निदेशालय के एक अधिकारी ने बताया कि कई जिलों से चरित्र सत्यापन और मेडिकल को लेकर विलंब की सूचना मिल रही थी। इसे देखते हुए स्थापना ने प्रशिक्षण कार्यक्रम आगे बढ़ाए जाने का निर्णय किया है। सिपाही भर्ती 2018 के तहत 41,520 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई थी।
अंतिम चयन का परिणाम फरवरी में घोषित किया गया था। प्रशिक्षण निदेशालय ने प्रशिक्षण दो चरणों में कराए जाने का निर्णय किया था। पहले चरण में नागरिक पुलिस के 23,238 अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण होना है। इनमें 18,696 पुरुष और 4542 महिलाएं शामिल हैं।
प्रदेश में 83 केंद्रों पर इनका प्रशिक्षण होगा। प्रशिक्षण निदेशालय के 31 जनपदीय प्रशिक्षण केंद्रों, 49 अस्थायी प्रशिक्षण केंद्रों और उत्तर प्रदेश पुलिस के मेरठ, सुल्तानपुर और जालौन स्थित संस्थानों में इन्हें प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।
इसके अलावा प्रदेश के बाहर नौ प्रशिक्षण केंद्र बनाए जा रहे हैं। इनमें मध्यप्रदेश में तीन, राजस्थान में दो, उड़ीसा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक का एक-एक प्रशिक्षण केंद्र शामिल है। इसके अलावा सीआरपीएफ के अमेठी स्थित केंद्र पर भी प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।
कुल मिलाकर 93 केंद्रों पर चयनित अभ्यर्थियों को अब 3 जून से 2 दिसंबर तक छह माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। नागरिक पुलिस की 4542 महिलाओं के प्रशिक्षण के लिए यूपी के ही 16 केंद्रों पर प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।
2015 बैच के बचे 1400 सिपाहियों का भी होगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण निदेशालय के सूत्रों के मुताबिक वर्ष 2015 के शेष रह गए पीएसी के 1400 सिपाहियों का प्रशिक्षण भी तीन जून से शुरू होगा। उन्हें मध्य प्रदेश के टेेकनपुर, महाराष्ट्र के लातूर और बिहार के राजगीर स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों पर प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।