बेमौत मारे गए बच्चों के लिए लड़ती रहेगी कांग्रेस: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि गोरखपुर में ऑक्सीजन की कमी से मारे गए बच्चों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता जगह-जगह आंदोलन कर सरकार को ऑक्सीजन देंगे ताकि उसका बंद दिमाग खुल जाए। गोरखपुर में बेमौत मारे गए बच्चों को जब तक न्याय नहीं मिलेगा, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
राज बब्बर ने बुधवार को पीसीसी कार्यालय में प्रेसवार्ता में कहा कि गोरखपुर में मारे गए 60 बच्चे देश का भविष्य थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लालकिला से 15 अगस्त के भाषण में गोरखपुर की त्रासदी को केवल छूकर निकल गए। मोदी को गोरखपुर में हुई मौतों से ज्यादा चिंता अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी के स्वागत की दिखी।
राज बब्बर ने कहा कि 1989 से अब तक गोरखपुर में योगी आदित्यनाथ और उनके मठ के लोग ही राजनीति में रहे हैं। फिर भी मुख्यमंत्री कहते हैं कि गोरखपुर में गंदगी बहुत है। सेवादल के 100 कार्यकर्ता रोजाना गोरखपुर के डीएम से मिलकर पूछेंगे कि मुख्यमंत्री ने किस जगह गंदगी बताई है और वहां जाकर सफाई करेंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार एफआरआई दर्ज कराने जा रहे हैं, लेकिन दर्ज नहीं हो रही।
...तो सरकार ने उपाय क्यों नहीं किया
राज बब्बर ने कहा कि चिकित्सा मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह कह रहे हैं कि अगस्त में बच्चों की मौत होती है। फिर सरकार ने उन्हें मौत से बचाने का उपाय क्यों नहीं किया। यूपीए सरकार ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज व इंसेफेलाइटिस पर नियंत्रण के लिए 4500 करोड़ रुपये दिये थे।
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज को 10 एंबुलेंस देंगे
राज बब्बर ने कहा कि कांग्रेस सांसद, विधायक और एमएलसी मिलकर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज को 10 एंबुलेंस देंगे। कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जियाराम वर्मा ने नेतृत्व में पूरे प्रदेश में शिकायत व सहायता डेस्क लगाई जाएंगी। इन पर आने वाली शिकायतें अधिकारियों तक पहुंचाई जाएंगी।