72,825 शिक्षक भर्ती में 3 दिन में फैसला?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्राइमरी स्कूलों में चल रही 72,825 प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती में गड़बड़ी की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बना दी गई है।
विशेष सचिव बेसिक शिक्षा विजय बहादुर, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण निदेशक सर्वेंद्र विक्रम सिंह व बेसिक शिक्षा निदेशक डीबी शर्मा की तीन सदस्यीय कमेटी तीन दिन के अंदर सचिव बेसिक शिक्षा एचएल गुप्ता को रिपोर्ट देगी।
बेसिक शिक्षा मंत्री राम गोविंद चौधरी ने गुरुवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक में यह निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भर्ती में किसी प्रकार की गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर संबंधित जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी व डायट प्राचार्य सामूहिक रूप से जिम्मेदार होंगे।
जॉइन कर चुके हैं 54,146 अभ्यर्थी
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती टीईटी मेरिट के आधार पर की जा रही है। प्रदेश में अब तक करीब 54,146 अभ्यर्थी बतौर प्रशिक्षु शिक्षक जॉइन कर चुके हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने एक मामले की सुनवाई के दौरान राज्य सरकार को गड़बड़ी की जांच के निर्देश देते हुए चयन प्रक्रिया का पूरा ब्यौरा ऑनलाइन करने का निर्देश दिया है।
बेसिक शिक्षा मंत्री ने बैठक में अधिकारियों से कहा है कि विभाग में नियुक्ति प्रक्रिया में किसी प्रकार की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और किसी प्रकार की गड़बड़ी की शिकायत पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
... तो शिक्षा मित्रों को बीएसए ऑफिस में करा दें जॉइन
बेसिक शिक्षा मंत्री ने बैठक के दौरान कहा कि शिक्षा मित्रों को हरहाल में 31 मई तक समायोजित करते हुए सहायक अध्यापक बना दिया जाए। यदि स्कूलों में पद कम पड़ रहे हैं तो उन्हें बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में ही जॉइनिंग दे दी जाए। अधिकारियों ने कहा कि यह संभव नहीं है।
सालों से जमे खंड शिक्षा अधिकारी हटेंगे
बेसिक शिक्षा मंत्री ने सचिव बेसिक शिक्षा एचएल गुप्ता को निर्देश दिया है कि बेसिक शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार कम करने के लिए सालों से जमे खंड शिक्षा अधिकारियों को हटाया जाए।
उन्होंने कहा कि नई स्थानांतरण नीति के आधार पर जिले में छह साल और मंडल में 10 से जमे खंड शिक्षा अधिकारियों को जल्द ही चिह्नित करते हुए हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाए। इसके बाद भी यदि किसी को रोका जा रहा है इसके लिए ठोस कारण होना चाहिए।