Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   CM Yogi said Investment in UP will increase employment and skill development opportunities as well

सीएनएच ग्राउंडब्रेकिंग सेरेमनी: 'बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड', योगी बोले- यहां बनेंगे तो दुनिया में बढ़ेगी मांग

Thu, 12 Nov 2026 11:32 AM IST
Bhupendra Singh अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ Published by: Bhupendra Singh Updated Thu, 12 Nov 2026 11:32 AM IST
सार

सीएम योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से CNH ग्राउंडब्रेकिंग सेरेमनी को संबोधित करते हुए कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश अनुकूल माहौल के कारण उत्तर प्रदेश आज विकास और औद्योगिक प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। यह परियोजना राज्य में कृषि मशीनीकरण, आधुनिक विनिर्माण और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगी।

विज्ञापन
CM Yogi said Investment in UP will increase employment and skill development opportunities as well
सीएम योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है। प्रदेश में अगर बुलडोजर और ट्रैक्टर का निर्माण होगा तो देश ही नहीं, विदेशों में भी इनकी मांग अपने आप बढ़ेगी। उत्तर प्रदेश में माफिया राज की जगह कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति ने प्रदेश को निवेश के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाया है।

विज्ञापन


सीएम गुरुवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। इस प्लांट पर 1200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा। करीब 100 एकड़ में विकसित होने वाली इस परियोजना से हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

विज्ञापन

जेवर को बताया भारत का गहना

सीएम ने जेवर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में कभी अपराध और अराजकता की पहचान थी, आज वही जेवर निवेश के सर्वश्रेष्ठ गंतव्यों में शामिल हो रहा है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यीडा क्षेत्र के विकास से यह पूरा इलाका औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित हो रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि यहां एचसीएल-फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी बड़ी परियोजनाएं आकार ले रही हैं। आने वाले समय में जेवर देश के औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा।

Trending Videos

बीमारू राज्यों की सूची से निकलकर टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में यूपी

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के सामने पलायन, पिछड़ेपन, अराजकता और पहचान के संकट जैसे सवाल थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज प्रदेश उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ा है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने अपनी अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि कभी बीमारू राज्यों में गिना जाने वाला उत्तर प्रदेश आज देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। डीरेग्युलेशन के मामले में प्रदेश को देश में पहला स्थान मिला है। राज्य एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 15 लाख करोड़ जमीन पर उतरे

सीएम ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। वहीं, आगामी इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 7.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग की तैयारी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच गई है, जबकि स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो चुकी है।
 

ट्रैक्टर प्लांट से किसानों को भी मिलेगा फायदा

सीएम ने कहा कि सीएनएच इंडस्ट्रियल का यह प्लांट कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक विनिर्माण को नई गति देगा। भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। ऐसे में इस परियोजना से प्रदेश की औद्योगिक क्षमता बढ़ने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने सीएनएच प्रबंधन को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। इस परियोजना से किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों की उपलब्धता और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स तैयार करने पर जोर

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के कौशल को उद्योगों की जरूरतों से जोड़ने के लिए काम कर रही है। टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के साथ मिलकर इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स तैयार की जा रही है।

आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार और नवाचार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा और कौशल को सही दिशा देकर उत्तर प्रदेश को औद्योगिक विकास का बड़ा केंद्र बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह और तेजपाल सिंह नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह, सीएनएच की चेयरपर्सन लेडी सुजैन हेवुड और सीईओ गैरीट मार्क्स समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed