{"_id":"65636fd248cc562bda0fe807","slug":"cm-yogi-said-fevicol-is-the-link-between-aimim-congress-brs-it-will-not-be-lost-2023-11-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"तेलंगाना में सीएम योगी ने दूसरे दिन कहा : एआईएमआईएम-कांग्रेस-बीआरएस के बीच का फेवीकोल का जोड़ है, छूटेगा नहीं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
तेलंगाना में सीएम योगी ने दूसरे दिन कहा : एआईएमआईएम-कांग्रेस-बीआरएस के बीच का फेवीकोल का जोड़ है, छूटेगा नहीं
Mon, 27 Nov 2023 05:29 AM IST
पंकज श्रीवास्तव
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Mon, 27 Nov 2023 05:29 AM IST
सार
तेलंगाना में हो रहे विधानसभा चुनाव में रविवार को दूसरे दिन प्रचार करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्ताधारी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस), कांग्रेस और एआईएमआईएम पर जमकर निशाना साधा।
विज्ञापन
तेलंगाना में प्रचार के दौरान सीएम योगी की सभा उमड़ी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
तेलंगाना में हो रहे विधानसभा चुनाव में रविवार को दूसरे दिन प्रचार करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्ताधारी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस), कांग्रेस और एआईएमआईएम पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने जनता से भाजपा को जिताने के साथ ही इस बार चुनाव में बीआरएस को वीआरएस देने की अपील की। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम कांग्रेस और बीआरएस के बीच फेविकोल का काम कर रहा है। यह सभी एक है, जल्दी साथ नहीं नहीं छोड़ेंगे। योगी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश के विकास के लिए केन्द्र से दी जा रही धनराशि केसीआर व बीआरएस के लोग खा जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
तेलंगाना के कई विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार के लिए आयोजित रैली, रोड शो और सभाओं में योगी ने कहा कि तेलंगाना में बेरोजगारी चरम पर है, युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। जबकि यूपी में भाजपा सरकार ने साढ़े छह साल में छह लाख से अधिक लोगों को सरकारी नौकरी दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सैकड़ों जवानों ने आहुति देकर तेलंगाना का निर्माण किया। पहले कांग्रेस उनकी भावनाओं से खिलवाड़ करती रही और अब केसीआर के नेतृत्व में बीआरएस सरकार ने उनके सपनों को धूलधूसरित कर दिया। योगी ने कहा कि अगर भाजपा की सरकार बनी तो महबूबनगर का नाम बदलकर पालामुरू किया जाएगा। उन्होंने तेलंगाना की जनता को अयोध्या में राम मंदिर दर्शन करने का निमंत्रण देते हुए कहा कि अगर आपको आना होगा तो विशेष ट्रेन की सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने महबूबनगर (पालामुरू) क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एपी मिथुन कुमार रेड्डी, देवरकद्रा से प्रशांत रेड्डी, कोडांगल से बंटू रमेश, शदनगर से अंडे बाबैया, जडचेरला से चितरंजन दास, नारायणपेट से रतंग पाडुं रेड्डी, मक्थल से जलंधर रेड्डी को विधानसभा भेजने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परिवारवाद, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार ने तेलंगाना को खोखला बना दिया है। यहां खनन, भूमाफिया, पशु, संगठित अपराध में संलिप्त माफिया हैं। 2017 के पहले यूपी में महीनों कर्फ्यू लगा रहता था। आम नागरिक की सुनवाई नहीं होती थी पर डबल इंजन की भाजपा सरकार में नो कर्फ्यू-नो दंगा है, इसलिए वहां सब चंगा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस सरकार के समय ही आतंकवादियों ने देश पर सबसे बड़ा मुंबई हमला (26 नवंबर) किया था। कांग्रेस के समय आतंकी घुसपैठ होती थी। अब नहीं होती, क्योंकि आतंकियों के आकाओं को पता है कि यदि छेड़ोगे तो भारत छोड़ेगा नहीं।
मुख्यमंत्री योगी ने तेलंगाना चुनाव प्रचार के दूसरे दिन रोड शो व आखिरी सभा कुथबुल्लापुर विधानसभा क्षेत्र में की। यहां भाजपा प्रत्याशी कुना श्रीसिलम गौड़ के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनसमर्थन को वोट में बदलने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत विकसित देश बन रहा है, लेकिन तेलंगाना भ्रष्टाचार का शिकार हो रहा है। आप हर ओर कमल खिलाइए, तेलंगाना को माफिया मुक्त कराइए। लैंड, सैंड माफिया के अवैध साम्राज्य पर यूपी का बुलडोजर चलेगा। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनेगी तो मुस्लिम आरक्षण समाप्त कर एससी-एसटी व ओबीसी को इसका लाभ मिलेगा। पीएम मोदी के नेतृत्व में लोग भारत को बड़े सम्मान के साथ देख रहे हैं। कांग्रेस शासन में मुंबई जैसे हमले होते थे, लेकिन मोदी जी के शासन में आतंकवाद के खिलाफ एयर व सर्जिकल स्ट्राइक होती है।