25 लाख युवाओं को दिए जाएंगे टैबलेट: सीएम योगी ने शुरू किया महाअभियान, बोले- आप सबमें बजरंग बली की ताकत है
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से 'स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना' के तहत 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके लिए बजट में 2,374.60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। टैबलेट मिलने से छात्रों को एआई, कोडिंग, डिजिटल लाइब्रेरी और 'युवा साथी पोर्टल' के माध्यम से रोजगार व प्रशिक्षण के अवसर मिल सकेंगे।
विस्तार
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा देश सबसे युवा है और इस पर भी उत्तर प्रदेश सबसे युवा प्रदेश है। युवा मतलब शक्ति। आप सब अभी 15 से 35 वर्ष की उम्र के बीच हैं। आप सबमें बजरंग बली की ताकत है। ये वो दौर है जब असंभव जैसा शब्द आपके शब्दकोश में नहीं है। जब महारानी लक्ष्मीबाई ने ब्रिटिश हुकूमत से लड़ाई लड़ी थी तब उनकी उम्र केवल 26 साल थी। महान स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर को 26 वर्ष की उम्र में दो बार आजीवन कारावास की सजा हुई थी और जब महाराणा प्रताप ने अकबर से पहली बार युद्ध लड़ा था। उस समय उनकी उम्र मात्र 27 साल की थी। स्वामी विवेकानंद ने वैश्विक मंच पर भारत को एक नई पहचान दी।
26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को देंगे नियुक्ति पत्र
जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लखनऊ मंडल के लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन टैबलेट में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की निशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। योग से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डीप टेक जैसे आधुनिक विषयों की पढ़ाई के साथ युवाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। आगामी 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को टैबलेट का महत्व समझाते हुए कहा कि यह केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि उनका भविष्य सुरक्षित करने की कुंजी है। इसका इस्तेमाल ज्ञान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए होना चाहिए। डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़कर देश-दुनिया की जानकारी हासिल करें और अपने कौशल को विकसित करें। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं की जरूरत और मांग के अनुरूप अपनी नीति में बदलाव करते हुए स्मार्टफोन के स्थान पर टैबलेट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
यूपी की छवि बदली, अब नौकरी के लिए नहीं करनी पड़ती सिफारिश
सीएम योगी ने कहा कि मैं आप सबको खुद मिलकर टैबलेट देना चाहता था पर 25 लाख लोगों को टैबलेट देने में कई दिन लग जाएंगे और मैं आप सबके साथ सेल्फी भी लेना चाहता था। फोटो खिंचवाना चाहता था। आप लोग युवा शक्ति हैं। जो देश के और प्रदेश के भविष्य को आकार देना चाहते हैं। बीते साढ़े नौ साल में यूपी की छवि बदली है। यूपी के बारे में लोगों की धारणा बदली है। 2017 के पहले अगर कहीं कोई नौकरी निकलती थी तो चाचा-भतीजा वसूली के लिए निकल पड़ते थे पर अब नौकरी के लिए कोई सिफारिश नहीं करनी पड़ती है और न ही रिश्वत देना पड़ता है। हमने प्रदेश के युवाओं के सामने से पहचान का संकट खत्म किया है। अब यूपी का निवासी अगर बाहर जाता है तो उससे मिलने के लिए उसे गले लगाने के लिए लोग लालायित रहते हैं। बीते नौ साल में यूपी की पहचान बदली है। यूपी में अब ब्रम्होस मिसाइल का निर्माण होता है। कानपुर में राइफल का निर्माण होता है। पहले प्रदेश में निवेश के कार्यक्रम होते थे पर कोई नहीं आता था। अब कानून व्यवस्था में सुधार होने से यूपी बीमारू राज्यों की सूची से बाहर आया है।
जिस जमीन पर माफिया कब्जा करना चाहते थे वहां फोरेंसिक इंस्टीट्यूट बनाया
माफिया जिस जमीन पर कब्जा करना चाहता था वहां पर फोरेंसिक इंस्टीट्यूट बनाया गया है। मैंने बुलडोजर भेज दिया। माफिया भाग गया। सपा की सरकार की दो नियुक्तियां रद्द करनी पड़ीं क्योंकि वो मुन्ना भाइयों ने दी थी। सपा सरकार ने नौकरियां नहीं दी पर मुन्ना भाई जरूर पैदा किए। पहले होता यही था कि परीक्षा कोई देता था डिग्री कोई ले जाता था। बीते साढ़े नौ साल में युवाओं को सम्मान मिला।
यूपी में अब रूल आफ माफिया नहीं रूल ऑफ लॉ है
सीएम योगी ने युवाओं से कहा कि अब यूपी के अंदर विकास का माहौल है। प्रदेश में अब रूल आफ लॉ है। रूल ऑफ माफिया नहीं है। प्रदेश में निवेश हो रहा है। ये टैबलेट आपके लिए एक अवसर हैं इसे सिर्फ मनोरंजन का माध्यम मत बनाइए। इसके साथ ही सीएम योगी ने युवाओं से अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील की है।
'नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा'
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर और पहचान बदल दी है। अब यूपी में नो कर्फ्यू, नो दंगा और यूपी में है सब चंगा। जो माफिया थे, वे मिट्टी में मिल गए और दंगाई दुबक गए। युवाओं के जीवन से खिलवाड़ करने वालों और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि पहले यूपी का नाम सुनकर दूसरे राज्यों में लोग दूरी बना लेते थे, लेकिन आज प्रदेश के युवाओं, व्यापारियों और बेटियों को देश-दुनिया में सम्मान मिल रहा है। बीमारू राज्य की पहचान से निकलकर उत्तर प्रदेश देश की टॉप थ्री अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। प्रदेश में 25 करोड़ से अधिक की आबादी को पिछली सरकारें बोझ मानती थीं, जबकि उनकी सरकार ने इसे डेमोग्राफिक डिविडेंड के रूप में देखा और युवाओं को अवसर देने का काम किया।
नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें युवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल इकोनॉमिक एंड इंडस्ट्रियल जोन स्थापित करने जा रही है। बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ में औद्योगिक शहर विकसित किया जाएगा। देश में बनने वाले मोबाइल फोन में 55 प्रतिशत का निर्माण उत्तर प्रदेश में हो रहा है, जबकि इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट की 60 प्रतिशत मैन्युफैक्चरिंग प्रदेश में हो रही है। 2017 से पहले प्रदेश में केवल 120 स्टार्टअप थे, आज इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है। सीएम युवा योजना के तहत ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें।
उन्होंने लखनऊ की एचसीएल यूनिट का उदाहरण देते हुए कहा कि 2017 में वहां केवल 100 लोग काम करते थे, आज 18 हजार युवा कार्यरत हैं। ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना में भी प्रदेश के युवाओं को अवसर मिला है। एकेटीयू के माध्यम से 500 युवाओं का चयन हुआ। अमेठी में एके-203 राइफल का निर्माण और कानपुर में उसके पुर्जों का उत्पादन हो रहा है।
18 वर्ष के युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि जो भी युवा एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे अपना नाम मतदाता सूची में जरूर दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि मतदाता बनना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का अभियान है। किसी अपात्र व्यक्ति का मतदाता बनना किसी पात्र व्यक्ति के अधिकार को छीनने का प्रयास है। युवाओं को अपने संवैधानिक अधिकार और जिम्मेदारी दोनों समझनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब रूल ऑफ माफिया नहीं, बल्कि रूल ऑफ लॉ है। सुरक्षा, निवेश, उद्योग और रोजगार के अवसरों का विस्तार ही युवाओं के सशक्तीकरण का आधार है। युवाओं के हाथ में दिया गया टैबलेट इसी बदलाव को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, योगेंद्र उपाध्याय, सुनील कुमार शर्मा, दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी एवं रजनी तिवारी, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल और लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जयप्रकाश सैनी समेत लखनऊ, सीतापुर, हरदोई और उन्नाव से आए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
