Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   CM Yogi announces that more than one lakh youth will be given employment by January 26.

यूपी: सीएम योगी ने अपने कार्यकाल का दिया हिसाब, बोले- साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी

Sun, 15 Nov 2026 04:00 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ Published by: Ishwar Ashish Bhartiya Updated Sun, 15 Nov 2026 04:00 PM IST
सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब यूपी में बिना सिफारिश और बिना रिश्वत नौकरी मिलती है। पहले भर्ती निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकलती थी, बिना खर्ची-पर्ची नौकरी नहीं मिलती थी।

विज्ञापन
CM Yogi announces that more than one lakh youth will be given employment by January 26.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala

विस्तार

युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लखनऊ मंडल के लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। 

विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने बताया कि इन टैबलेट में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की निशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। योग से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डीप टेक जैसे आधुनिक विषयों की पढ़ाई के साथ युवाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। आगामी 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। 
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने युवाओं को टैबलेट का महत्व समझाते हुए कहा कि यह केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि उनका भविष्य सुरक्षित करने की कुंजी है। इसका इस्तेमाल ज्ञान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए होना चाहिए। डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़कर देश-दुनिया की जानकारी हासिल करें और अपने कौशल को विकसित करें। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं की जरूरत और मांग के अनुरूप अपनी नीति में बदलाव करते हुए स्मार्टफोन के स्थान पर टैबलेट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


टैबलेट में युवा साथी ऐप, सरकारी योजनाओं की पूरी जानकारी
सीएम योगी ने बताया कि टैबलेट में युवा साथी ऐप के माध्यम से युवाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी मिलेगी। इसमें छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पीएम इंटर्नशिप, सीएम इंटर्नशिप, सीएम युवा और पीएम मुद्रा योजना जैसी योजनाएं उपलब्ध हैं। इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक निशुल्क पाठ्यक्रम भी दिए गए हैं। युवा अपनी रुचि के अनुसार योग, गणित, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीप टेक और अन्य विषयों का अध्ययन कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रतिवर्ष दो लाख से अधिक विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) के स्नातक तैयार कर रहा है। इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। टाटा, सैमसंग, हिंदुजा और एचसीएल जैसी वैश्विक कंपनियां प्रदेश के युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करने में सहयोग कर रही हैं।

Trending Videos

बिरसा मुंडा की जयंती पर युवाओं को याद दिलाई ताकत

मुख्यमंत्री ने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित करने का औचित्य बताते हुए कहा कि महज 25 वर्ष की उम्र में बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश हुकूमत की चूलें हिला दी थीं और देश की स्वाधीनता का शंखनाद किया था। मातृभूमि, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उन्होंने संघर्ष किया। आज उसी संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप नए भारत के निर्माण की दिशा में काम हो रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारत के सबसे बड़े आध्यात्मिक युवा आइकॉन हैं। उनके नाम पर ही युवा सशक्तीकरण अभियान शुरू किया गया। 25 दिसंबर 2021 को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर इस योजना की शुरुआत हुई थी। उस समय कोरोना महामारी के कारण पढ़ाई और परीक्षाएं प्रभावित हो रही थीं। सरकार ने तय किया कि महामारी के बावजूद विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षाओं में व्यवधान नहीं आने दिया जाएगा। इसी उद्देश्य से दो करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। पहले चरण में 60 लाख विद्यार्थियों को उपकरण वितरित किए जा चुके हैं। 

सीएम योगी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा राष्ट्र है। देश की करीब 56 प्रतिशत आबादी युवा है, जबकि उत्तर प्रदेश में युवाओं की हिस्सेदारी 56 से 60 प्रतिशत तक है। उन्होंने भगवान राम, भगवान कृष्ण, महात्मा बुद्ध, आदि शंकराचार्य, अभिमन्यु, गुरु गोविंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद और अन्य क्रांतिकारियों के उदाहरण देकर युवाओं को संकल्प और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।

सपा पर सीधा हमला, चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकलती थी

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में युवाओं को समय पर पढ़ाई, परीक्षा और रोजगार के अवसर तक नहीं मिलते थे। पहले कोई भर्ती निकलती थी तो चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। बिना लेनदेन, बिना खर्ची-पर्ची नौकरी मिलना मुश्किल था। उन्होंने कहा कि सपा को चार-चार बार सरकार चलाने का अवसर मिला, लेकिन वह नौजवानों को नौकरी नहीं दे पाई। हां, उस दौर में 'मुन्ना भाई' जरूर पैदा कर दिए गए थे। सीएम योगी ने कहा कि परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र किसी दूसरे को मिल जाता था। सपा सरकार के समय सैफई सिंडिकेट ने भर्तियों में ऐसे लोगों को भर दिया था। उनकी सरकार ने ऐसी नियुक्तियां निरस्त कीं। अब प्रदेश में पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ भर्ती हो रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। इस कार्यक्रम में मौजूद 50 से 55 हजार युवाओं की संख्या से दोगुने युवाओं को इसी 26 जनवरी तक नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। उन्होंने शिक्षा विभाग में 3568, पंचायती राज विभाग में 1375, कुशल खिलाड़ियों में 470, फॉरेंसिक साइंस में 28, पुलिस में 4543 और राजस्व विभाग में 1146 नियुक्तियों का उल्लेख किया। साथ ही 8000 लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 42 हजार होमगार्ड को अगले दस दिनों में नियुक्ति पत्र देने का प्रयास है। शिक्षा विभाग और विभिन्न आयोगों के माध्यम से भी बड़े पैमाने पर नियुक्तियां की जाएंगी।

'नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा'

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर और पहचान बदल दी है। अब यूपी में नो कर्फ्यू, नो दंगा और यूपी में है सब चंगा। जो माफिया थे, वे मिट्टी में मिल गए और दंगाई दुबक गए। युवाओं के जीवन से खिलवाड़ करने वालों और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि पहले यूपी का नाम सुनकर दूसरे राज्यों में लोग दूरी बना लेते थे, लेकिन आज प्रदेश के युवाओं, व्यापारियों और बेटियों को देश-दुनिया में सम्मान मिल रहा है। बीमारू राज्य की पहचान से निकलकर उत्तर प्रदेश देश की टॉप थ्री अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। प्रदेश में 25 करोड़ से अधिक की आबादी को पिछली सरकारें बोझ मानती थीं, जबकि उनकी सरकार ने इसे डेमोग्राफिक डिविडेंड के रूप में देखा और युवाओं को अवसर देने का काम किया।

नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें युवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल इकोनॉमिक एंड इंडस्ट्रियल जोन स्थापित करने जा रही है। बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ में औद्योगिक शहर विकसित किया जाएगा। देश में बनने वाले मोबाइल फोन में 55 प्रतिशत का निर्माण उत्तर प्रदेश में हो रहा है, जबकि इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट की 60 प्रतिशत मैन्युफैक्चरिंग प्रदेश में हो रही है। 2017 से पहले प्रदेश में केवल 120 स्टार्टअप थे, आज इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है। सीएम युवा योजना के तहत ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें।

उन्होंने लखनऊ की एचसीएल यूनिट का उदाहरण देते हुए कहा कि 2017 में वहां केवल 100 लोग काम करते थे, आज 18 हजार युवा कार्यरत हैं। ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना में भी प्रदेश के युवाओं को अवसर मिला है। एकेटीयू के माध्यम से 500 युवाओं का चयन हुआ। अमेठी में एके-203 राइफल का निर्माण और कानपुर में उसके पुर्जों का उत्पादन हो रहा है।

18 वर्ष के युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि जो भी युवा एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे अपना नाम मतदाता सूची में जरूर दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि मतदाता बनना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का अभियान है। किसी अपात्र व्यक्ति का मतदाता बनना किसी पात्र व्यक्ति के अधिकार को छीनने का प्रयास है। युवाओं को अपने संवैधानिक अधिकार और जिम्मेदारी दोनों समझनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब रूल ऑफ माफिया नहीं, बल्कि रूल ऑफ लॉ है। सुरक्षा, निवेश, उद्योग और रोजगार के अवसरों का विस्तार ही युवाओं के सशक्तीकरण का आधार है। युवाओं के हाथ में दिया गया टैबलेट इसी बदलाव को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, योगेंद्र उपाध्याय, सुनील कुमार शर्मा, दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी एवं रजनी तिवारी, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल और लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जयप्रकाश सैनी समेत लखनऊ, सीतापुर, हरदोई और उन्नाव से आए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed