योगी बोले, 21वीं सदी के मुताबिक, अखिलेश ने कहा - अहंकारी सरकार का विनाशकारी बजट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्र की मोदी सरकार के अंतिम पूर्ण बजट पर यूपी के वर्तमान सीएम योगी आदित्यनाथ व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। योगी ने केंद्रीय बजट को 21वीं सदी के मुताबिक करार दिया तो अखिलेश ने इसे अहंकारी सरकार का विनाशकारी बजट बताया हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को शास्त्री भवन में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में 21वीं सदी के मुताबिक देश की बुनियादी संरचना को विकसित करने का विजन है। इसका फायदा निश्चित तौर पर यूपी को भी मिलेगा। प्रधानमंत्री व वित्त मंत्री ने गांव, गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं का भी खास ध्यान रखा है। स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क, बिजली व पानी जैसी सुविधाओं के लिए धन की मुकम्मल व्यवस्था की गई है।
बजट को बेहतरीन बताते हुए योगी ने प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को बधाई भी दी है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ने 4 करोड़ परिवारों को मुफ्त बिजली कनेक्शन देने की जो घोषणा की है, उसका फायदा यूपी के 1.67 करोड़ परिवारों को भी मिलेगा। इसी तरह देशभर में 22 मेडिकल कॉलेज खोलने की भी घोषणा की गई है, इनमें से 8 मेडिकल कॉलेज यूपी में खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सिंचाई सुविधा के लिए काफी धन की व्यवस्था की है। इसी तरह सभी फसलों का समर्थन मूल्य का डेढ़ गुना मूल्य देने की व्यवस्था करके किसानों की आय दोगुना करने की दिशा में सार्थक पहल की गई है। हर गरीब को आवास देना, गरीब परिवारों को मुफ्त गैस और इस साल 70 लाख युवाओं को रोजगार देने का संकल्प लेकर केंद्र सरकार ने गांव, गरीब, किसान, महिलाओं व नौजवानों का विशेष ख्याल रखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट से देश की अर्थव्यवस्था को जहां मजबूती मिलेगी, वहीं गावों में बुनियादी विकास को भी गति मिलेगी।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने दी ये प्रतिक्रिया
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्रीय बजट को अहंकारी सरकार का विनाशकारी बजट बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि बजट से गरीब, किसान, मजदूर को निराशा और बेरोजगार युवकों को हताशा हाथ लगी है। यह बजट कारोबारियों, महिलाओं, नौकरीपेशा और आम लोगों के मुुंह पर तमाचा है। ये जनता की परेशानियों की अनदेखी करने वाला विनाशकारी बजट है। आखिरी बजट में भाजपा ने दिखा दिया कि वह केवल अमीरों की हिमायती है। अब जनता जवाब देगी।
गरीब-किसान-मजदूर को निराशा; बेरोजगार युवाओं को हताशा; कारोबारियों, महिलाओं, नौकरीपेशा और आम लोगों के मुँह पर तमाचा. ये जनता की परेशानियों की अनदेखी करने वाली अहंकारी सरकार का विनाशकारी बजट है. आख़री बजट में भी भाजपा ने दिखा दिया कि वो केवल अमीरों की हिमायती है. अब जनता जवाब देगी.
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) February 1, 2018