सीएम योगी का निर्देश: एसआईआर में न बने एक भी गलत वोट, विपक्ष फैला रहा है वोट चोरी का झूठा भ्रम
SIR in UP: सीएम योगी ने प्रदेश में चल रही एसआईआर की प्रक्रिया पर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि राज्य में एक भी गलत वोट न बन पाए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर के सर्किट हाउस सभागार में जनप्रतिनिधियों और संगठन प्रभारियों के साथ 40 मिनट की बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि एसआईआर में एक भी वोट गलत नहीं बनने पाए। मुख्यमंत्री शाम चार बजे हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन मैदान के हेलिपैड पर उतरे। इसके बाद वह कार द्वारा सीधे सर्किट हाउस पहुंचे।
जहां उन्होंने पार्टी के जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ गहन बैठक की। करीब 40 मिनट की बैठक में उन्होंने एसआईआर पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान को लेकर विपक्ष वोट काटे जाने और वोट चोरी का भ्रम फैला रहा है। पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधि जनता के बीच जाकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करें। साथ ही आम जनता की एसआईआर फार्म भरवाने में मदद भी करें।
उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता एसआईआर अभियान में छूटना नहीं चाहिए। साथ ही कड़े लहजे में कहा कि किसी भी अपात्र व्यक्ति का वोट न बनने पाए। इसका विशेष ध्यान रखने के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को आगामी पंचायत और विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए। बैठक के बाद वह सरसावा एयरपोर्ट से राजकीय विमान के जरिए लखनऊ लौट गए।
केशव बोले: मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने लगे थे अखिलेश
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बिहार में मिली हार के बाद अखिलेश यादव का मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ है। लोकसभा चुनाव में एक्सिडेंटल रूप से कुछ सीटें भाजपा से ज्यादा मिल गई थीं तो वह मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखने लगे थे। उन्हें लगने लगा था कि वह फिर यूपी की सत्ता पर कब्जा कर लेंगे।
डिप्टी सीएम बोले कि बिहार चुनाव के दौरान सपा प्रमुख वहां गए थे और भाषण दिया कि अवध में हराया है, मगध में भी हराएंगे। बिहार की जनता ने एनडीए को ऐसा जबरदस्त समर्थन दिया कि अखिलेश की नींद उड़ी हुई है। केशव ने कहा कि लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद लाल टोपी वाले और सपा समर्थक जालीदार टोपी वाले चारों तरफ दिखाई देने लगे थे लेकिन जैसे ही बिहार का रिजल्ट आया ये सब गायब हो गए हैं। एसआईआर पर कहा कि अब मतदाता सूची के शुद्धीकरण का अभियान चल रहा है। जो बूथ लूटकर चुनाव जीतते थे और सत्ता प्राप्त करके प्रदेश को लूटते थे, अब उनका युग खत्म होने वाला है।
बोले-बाबर युग का समापन 1992 में हो चुका
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी जैसी मस्जिद की नींव रखने पर डिप्टी सीएम बोले कि 2026 में वहां भाजपा की सरकार बनने वाली है। कोई मस्जिद बनाए तो विरोध नहीं है लेकिन बाबर के नाम पर कोई बनाएगा तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाबर युग का समापन छह दिसंबर 1992 को हो गया था। अब ऐसा युग भारत की धरती पर हजारों साल कभी सोच भी नहीं सकते। अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बन गया है।