आजादी का अमृत महोत्सव: योगी बोले, खादी को प्रोत्साहित कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही सरकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 दिवसीय खादी महोत्सव और सिल्क एक्सपो का उद्घाटन करते हुए कहा कि हमें ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र का पालन करना होगा। आने वाला समय खादी का है। बेरोजगारी को दूर करने में खादी की भूमिका बढ़ रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खादी हमारे सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ा है और आने वाला समय खादी का ही है। इसे ध्यान में रखकर प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार के साथ खादी उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं भी शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि खादी को प्रोत्साहित करके ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है। वे मंगलवार को गोमतीनगर स्थित इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 15 दिवसीय खादी महोत्सव और सिल्क एक्सपो के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हमें ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र का पालन करना होगा। इसी के तहत भाजपा सरकार देशी, स्वदेशी व स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और उनको नई तकनीक से जोड़ने का काम तेजी से कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधार महिलाएं हैं, इसलिए खादी ग्रामोद्योग में महिलाओं की भूमिका को बढ़ाकर ग्राम स्वराज की परिकल्पना को मजबूत किया जा सकता है। इसके जरिए खादी की बढ़ी मांग को भी पूरा किया जा सकता है। 2014 के बाद से केंद्र और प्रदेश सरकार खादी को प्रोत्साहित करने के लिए खादी ग्रामोद्योग से जुड़े लाभार्थियों को सस्ते दर पर ऋण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें आधुनिक तकनीक वाले उपकरण भी उपलब्ध करा रही हैं। इससे पहले सीएम ने प्रदर्शनी देखी और चरखा चलाया। इसके बाद उन्होंने लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र और उपकरण प्रदान किए।
बेरोजगारी दूर करने में खादी की भूमिका बढ़ी
सीएम ने कहा कि प्रदेश में आज खादी की मांग तेजी से बढ़ी है, जिसे पूरा करने के उद्देश्य से तकनीक, टूलकिट्स और ट्रेनिंग के कार्यक्रम चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी दूर करने में भी खादी उद्योग का भूमिका बढ़ी है। प्रदेश में वर्ष 2017 में बेरोजगारी की दर 17-18 फीसदी थी, जो अब घटकर 5 फीसदी तक पहुंच गई है। योगी ने कहा कि बीते साढ़े चार वर्षों के दौरान खादी ग्रामोद्योग को बढ़ावा देकर लाखों लोगों को रोजगार से जोड़ा गया है। अब तक 1.68 लाख से अधिक लोगों को सीधे तौर पर रोजगार दिया जा चुका है और 2021-22 में लगभग 50 हजार लोगों को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य है। उन्होंने लोगों से दिवाली पर स्वदेशी उत्पादों को ही उपहार के तौर पर देने की अपील की।
स्वदेशी उत्पादों की चमक देख चीन अपना माथा फोड़ लेगा
सीएम ने माटी कला बोर्ड द्वारा तैयार किए जा रहे मिट्टी के उत्पाद, गणेश और लक्ष्मी की मूर्ति की चर्चा करते हुए कहा कि यह मूर्तियां मार्केट में आएंगी तो चीन अपना माथा फोड़ लेगा। उनकी एक भी मूर्ति इन स्वदेशी उत्पादों के आगे नहीं टिकेंगी। चीनी उत्पादों को खरीददार नहीं मिलेंगे।