अखिलेश का पलटवार, 'जब भी बसपा की रैली होती है लोगों की जानें जाती हैं'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि अगर मतदाताओं ने काम के आधार पर फैसला किया तो अगली सरकार सपा की ही बनेगी। बसपा सुप्रीमो मायावती के एक बयान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मुसलमान अच्छी तरह जानते हैं कि चुनाव बाद भाजपा और बसपा गठजोड़ कर सकती हैं, इसलिए वे कभी बसपा के साथ जाने वाले नहीं हैं।
सीएम ने कहा कि बीएसपी की जब भी रैली होती है, लोगों की जानें जाती हैं। पिछला रिकॉर्ड देखा जा सकता है। मायावती सिर्फ अपने लोगों को इकट्ठा करके गुमराह करने का काम करती हैं।
उन्होंने भाजपा की कथनी-करनी में भारी अंतर बताते हुए कहा कि अब जनता इनके झांसे में नहीं आएगी। मुख्यमंत्री सोमवार को लोक भवन में समाजवादी स्मार्ट फोन योजना के पंजीकरण वेब पोर्टल का शुभारंभ करने के बाद बोल रहे थे। इस दौरान उनके निशाने पर रविवार को बसपा की रैली में दिया गया मायावती का भाषण रहा।
उन्होंने कहा कि मायावती बसपा के सत्ता में आने पर लोगों को नकदी देने की बात कह रही हैं। नकदी का उनका पुराना शौक है और इसके सताए लोग ही बसपा छोड़ रहे हैं। अभी जनता भूली नहीं है कि उनके राज में कैसे सीएमओ और इंजीनियर तक की हत्याएं हुईं। बर्थडे केक के बहाने होने वाली वसूली को भी लोग नहीं भूले।
क्या मुसलमान भूल सकते हैं, किसने-किसको राखी बांधी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार ने ही मुसलमानों को विभिन्न योजनाओं में 20 फीसदी आरक्षण दिया। मायावती कह रही हैं कि समाजवादी बंट रहे हैं, इसलिए मुसलमानों को बसपा के साथ आ जाना चाहिए, लेकिन प्रदेश के मुसलमान अभी भूले नहीं हैं कि किसने किसको राखी बांधी थी।
उनका इशारा भाजपा नेता लालजी टंडन को मायावती द्वारा राखी बांधने की तरफ था। उन्होंने कहा कि गुजरात में चुनाव प्रचार करने कौन गया, क्या इसे मुसलमान भूल सकते हैं।
फिर क्या गारंटी कि चुनाव बाद भाजपा और बसपा मिलकर सरकार न बनाएं। इसलिए मुसलमान कभी बसपा के साथ नहीं जा सकते।
स्वार्थ के लिए देश बांटने की भी कर सकती हैं बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि मायावती प्रदेश बांटने की बात कर रही हैं। ऐसे लोग कल अपने स्वार्थ के लिए देश बांटने की बात कर सकते हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, मायावती ने कहा था कि हमने बुआ को भला-बुरा कहने वाले के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। हमने फौरन कार्रवाई कर दी, फिर भी मेरे बुआ कहने से वे नाराज हो जाती हैं।
डिजिटल इंडिया की बात करने वालों को समझ आई हकीकत
भाजपा पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि विरोधी कह रहे हैं कि सपा सरकार ने टैबलेट नहीं दिए। वे जो टैबलेट (गोली) दे रहे हैं, उसे जनता अच्छे से महसूस कर रही है। डिजिटल इंडिया की बात करने वालों की हकीकत भी लोगों को समझ आ गई है।
डैशबोर्ड पर गिलास रख 120 की रफ्तार से दौड़ा दी कार
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने बहुत विकास कार्य कराए हैं। गृहमंत्री के संसदीय क्षेत्र लखनऊ में मेट्रो ले आए हैं। जल्द ही प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी मेट्रो लाएंगे।
ऐसा एक्सप्रेस-वे दे दिया कि डैश बोर्ड पर पानी भरा गिलास रखकर 120 किमी. प्रतिघंटे की स्पीड से कार दौड़ा सकते हैं। देखने लायक सीएम कार्यालय बनवा दिया। लैपटॉप देकर लाखों नौजवानों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
डायल-100 सेवा शुरू होने पर पुलिस 15-20 मिनट में लोगों के पास पहुंचेगी। किसानों का कर्ज माफ किया। अब सरकार की योजनाओं से लोगों को जोड़ने के लिए स्मार्ट फोन वितरण की योजना है।