अपना दल में 'पावर' के लिए खींचतान बना फेमिली शो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपना दल में मां कृष्णा पटेल और सांसद बेटी अनुप्रिया पटेल के बीच पार्टी पर वर्चस्व की जंग बुधवार को और तेज हो गई। अनुप्रिया ने पुलिस की मौजूदगी में कृष्णा पटेल के कब्जे वाला केंद्रीय दफ्तर सील करा दिया। उनके समर्थकों ने लालबाग स्थित होटल में बैठक करके आगे की रणनीति बनाई।
मिर्जापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल दिन में सौ-डेढ़ सौ समर्थकों के साथ लालबाग स्थित अपना दल के केंद्रीय कार्यालय पर पहुंचीं। वहां ताला लटका था। उन्होंने पुलिस को बुलाकर दफ्तर पर दूसरा ताला लगाकर सील करा दिया।
अनुप्रिया ने कहा कि फरवरी में वे विधिवत पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन ली गई थीं। इससे संबंधित दस्तावेज उन्होंने निर्वाचन आयोग को दे दिए थे लेकिन कार्यालय पर दूसरे लोगों ने कब्जा कर रखा था। पार्टी अध्यक्ष पद का फैसला चुनाव आयोग को करना है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि कानूनी तरीके से अध्यक्ष चुने जाने के कारण निर्वाचन आयोग से उनके पक्ष में फैसला आएगा। आयोग का निर्णय आने के बाद कार्यालय की सील खोल दी जाएगी।
अनुप्रिया को पार्टी महासचिव पद से हटाया
केंद्रीय कार्यालय पर सील लगाने के बाद अनुप्रिया समर्थकों ने लालबाग में इस्लामिया कॉलेज के सामने होटल में बैठक की। इसमें पार्टी के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर दो जुलाई को वाराणसी में प्रदेश स्तरीय रैली करने का निर्णय किया गया।
इससे पहले 28 मई को मोहनलालगंज, 29 मई को सोरांव, 30 को सुल्तानपुर, 31 को कौशांबी और एक जून को सोनभद्र में जिला सम्मेलन होंगे।
दूसरी बेटी पल्लवी को तरजीह देने पर हुआ विवाद
कृष्णा पटेल ने पहले अपनी विरासत अनुप्रिया को सौंपने की तैयारी कर ली थी, लेकिन चार नवंबर 2014 को वाराणसी में आयोजित अधिवेशन में दूसरी बेटी पल्लवी पटेल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नामित किए जाने से पारिवारिक विवाद गहरा गया।
कृष्णा और अनुप्रिया में आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। गत वर्ष दिसंबर में राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाते कृष्णा पटेल ने अनुप्रिया को पार्टी के प्रमुख महासचिव पद से हटा दिया था। इसे अवैध बताते हुए अनुप्रिया ने मां कृष्णा पटेल को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटाकर खुद पार्टी की कमान संभालने का दावा किया।
दफ्तर सील करना गैरकानूनी
कृष्णा पटेल की अगुवाई वाले अपना दल के प्रवक्ता आरबी सिंह पटेल ने दफ्तर पर दूसरा ताला लगाने और सील करने को गैरकानूनी बताया है।
उन्होंने कहा कि चार नवंबर 2014 को महाधिवेशन में कृष्णा पटेल को तीन साल के लिए फिर से अध्यक्ष चुन लिया गया था।
पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते उन्होंने दिसंबर में अनुप्रिया पटेल को प्रमुख महासचिव के पद से हटा दिया था। ऐसे में अनुप्रिया का फरवरी में राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने का दावा हास्यास्पद है।