स्वास्थ्य, शिक्षा व सड़क की बदहाली पर मुख्यमंत्री योगी नाराज, अफसरों को लगाई फटकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रिजर्व पुलिस लाइन में बुधवार को बलरामपुर तथा गोंडा जनपद के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य, शिक्षा व सड़क की बदहाली पर कड़ी नाराजगी जताई। सीएम ने नेपाल की गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए सीमा पर चौकसी बढ़ाने का निर्देश दिया है।
अफसरों को जनसमस्याओं पर विशेष ध्यान देने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता से काम करने की नसीहत दी। गन्ना मूल्य भुगतान न करने वाली चीनी मिल को चेतावनी देकर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश भी सीएम ने दिया।
कानून-व्यवस्था तथा विकास से जुड़े मुद्दों की समीक्षा बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ के तेवर आक्रामक दिखे। परिषदीय विद्यालयों में स्वेटर का वितरण न होने से नाराज सीएम ने बीएसए को कड़ी चेतावनी देते हुए 30 नवंबर तक हर हाल में स्वेटर वितरण कराने का निर्देश दिया।
इसी तरह आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड वितरण में धीमी प्रगति की जानकारी होने पर उन्होंने सीएमओ को कड़ी फटकार लगाई और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ गरीबों तक हरहाल में पहुंचाने का निर्देश दिया। गड्ढों में तब्दील सड़कों के मुद्दे पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि 30 नवंबर तक सभी सड़कें गड्ढामुक्त नहीं हुईं तो संबंधित विभाग के अफसर दंडित होंगे।
दोनों जिलों के अफसरों को दी नसीहत
दोनों जिलों के अधिकारियों को नसीहत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल के अंदर चल रही गतिविधियां सशंकित कर रही हैं। नेपाल के अधिकारियों से संवाद करें तथा चौकसी बरतें। जिले के टॉप टेन अपराधियों की सूची बनाकर कार्रवाई करें। पेशेवर अपराधियों के खिलाफ भी अभियान चलाएं।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी प्रतिदिन दो घंटे सुनवाई करने के बाद फील्ड में जाकर जनहित से जुड़ी योजनाओं का सत्यापन करें। आईजीआरएस के मामले लंबित न हों। कांजी हाउस व गोशाला तत्काल चलवाए जाएं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी गोशालाओं में चारे-पानी की व्यवस्था कराएं। ई-पॉश मशीन की समस्याओं का निराकरण कराएं।
एयर कनेक्टिविटी से जल्द जुड़ेगा देवीपाटन मंडल
वहीं, मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, शीघ्र ही देवीपाटन मंडल स्थित भगवान बुद्ध की तपोस्थली श्रावस्ती एयर कनेक्टिविटी से जुड़ जाएगी। श्रावस्ती, देवापाटन शक्तिपीठ तथा सोहेलवा सेंचुरी में पर्यटन का विकास कर मंडल को पर्यटन हब बनाया जाएगा। बलरामपुर में केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर का निर्माण शीघ्र शुरू होगा। अगले वित्तीय वर्ष गोंडा जनपद को मेडिकल कॉलेज की सौगात दिलाई जाएगी।