Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   Chandrashekhar-Owaisi rally raises concerns for SP PDA equation

यूपी: चंद्रशेखर-ओवैसी की रैली से सपा के पीडीए समीकरण पर बढ़ी चिंता, 2027 चुनाव से पहले लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन

Thu, 26 Nov 2026 10:27 PM IST
Bhupendra Singh अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ Published by: Bhupendra Singh Updated Thu, 26 Nov 2026 10:27 PM IST
सार

संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी की संयुक्त महारैली ने सपा के पीडीए समीकरण और बसपा के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है। दोनों नेताओं ने भाजपा सरकार की बुलडोजर-एनकाउंटर नीति व सपा पर निशाना साधते हुए दलित मुख्यमंत्री और मुस्लिम व अति पिछड़ा डिप्टी सीएम बनाने का फॉर्मूला पेश किया और महिलाओं को 25 हजार रुपये मासिक सहायता का वादा किया।

विज्ञापन
Chandrashekhar-Owaisi rally raises concerns for SP PDA equation
चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी की संयुक्त रैली - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी की संयुक्त रैली ने समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण की चिंता बढ़ा दी है। लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में दलितों की भागीदारी और मुस्लिम समाज की मौजूदगी ने नए सियासी समीकरणों की संभावनाओं को हवा दे दी है। हालांकि, रैली में दलितों की अपेक्षा मुस्लिम समर्थकों की संख्या थोड़ी कम रही।
विज्ञापन


रैली के जरिये चंद्रशेखर ने दलित राजनीति में अपनी ताकत दिखाई, तो ओवैसी ने मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी दावेदारी को धार देने की कोशिश की। दोनों की यह साझेदारी सबसे ज्यादा अखिलेश यादव के लिए चुनौती बन सकती है, क्योंकि सपा की पीडीए राजनीति का बड़ा आधार दलित और मुस्लिम मतदाताओं के समर्थन पर ही टिका है।
विज्ञापन


दरअसल, अखिलेश यादव भाजपा के खिलाफ पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एकजुट करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। ऐसे में यदि चंद्रशेखर अपने प्रभाव से दलित मतदाताओं और ओवैसी मुस्लिम मतदाताओं के एक हिस्से को भी अपने साथ जोड़ने में सफल होते हैं, तो सपा के सामाजिक समीकरण में सेंध लग सकती है। खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उन सीटों पर इसका असर दिख सकता है, जहां दलित और मुस्लिम मतदाता चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की स्थिति में हैं। हालांकि, रैली में उमड़ी भीड़ को सीधे वोट में तब्दील मानना जल्दबाजी होगी, लेकिन इसने विपक्षी राजनीति में नई प्रतिस्पर्धा जरूर खड़ी कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

Chandrashekhar-Owaisi rally raises concerns for SP PDA equation
चंद्रशेखर-ओवैसी की रैली - फोटो : अमर उजाला

सीएम, डिप्टी सीएम का नया फॉर्मूला

चंद्रशेखर ने रैली में दलित को मुख्यमंत्री और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि को उपमुख्यमंत्री बनाने का फॉर्मूला पेश किया। साथ ही, अति पिछड़े वर्ग से भी उपमुख्यमंत्री बनाने का वादा किया। यह प्रस्ताव सपा की पीडीए राजनीति के सामने नेतृत्व और सत्ता में हिस्सेदारी का नया सवाल खड़ा करता है। रैली में युवाओं की संख्या काफी अधिक थी, जिससे साफ है कि दलित युवा चंद्रशेखर से जुड़ रहा है।

बसपा के लिए भी चुनौती

इस गठबंधन का दूसरा राजनीतिक निशाना बसपा भी हो सकती है। दलित राजनीति में मायावती की अब भी एक स्थापित पहचान है, लेकिन चंद्रशेखर युवा दलित नेतृत्व के रूप में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। रमाबाई आंबेडकर मैदान में दलितों की बड़ी भागीदारी उनके लिए राजनीतिक ताकत दिखाने का बड़ा अवसर रही। यदि वे इस समर्थन को स्थायी वोट बैंक में बदल पाते हैं, तो बसपा के परंपरागत दलित आधार में भी सेंध लगने की चुनौती पैदा हो सकती है।

पीडीए के सामने दोहरी चुनौती

चंद्रशेखर दलित मतदाताओं के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, तो ओवैसी मुस्लिम समाज के बीच राजनीतिक हिस्सेदारी का सवाल उठा रहे हैं। दोनों नेताओं की यह साझेदारी पीडीए के दो महत्वपूर्ण घटकों को प्रभावित कर सकती है। दलित और मुस्लिम मतदाताओं के समर्थन में मामूली बदलाव भी कई सीटों पर सपा की चुनावी संभावनाओं को प्रभावित कर सकता है।
 

Chandrashekhar-Owaisi rally raises concerns for SP PDA equation
चंद्रशेखर-ओवैसी की रैली में लोगों की भीड़। - फोटो : अमर उजाला

ओवैसी-चंद्रशेखर का शक्ति प्रदर्शन, भाजपा व सपा पर साधा निशाना

विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की संयुक्त महारैली में शक्ति प्रदर्शन करते हुए भाजपा और सपा को घेरा। ओवैसी ने बुलडोजर कार्रवाई और पुलिस मुठभेड़ों पर हमला बोला, जबकि सपा पर हिंदुत्व का एजेंडा बढ़ाने व मुस्लिमों को वोट बैंक बनाने का आरोप लगाया।

ओवैसी ने कहा कि बुलडोजर व मुठभेड़ों के बजाय संविधान और कानून के राज से इंसाफ होगा। उन्होंने गोली मारने या हाफ एनकाउंटर से किसी को अपाहिज बनाने का विरोध करते हुए कहा कि दोषियों को कानून के तहत सजा मिले। आरोप लगाया कि इन कार्रवाइयों का सबसे ज्यादा असर दलितों और मुसलमानों पर पड़ा है। चंद्रशेखर ने कहा कि सरकार बनने पर गलत कार्रवाई नहीं होगी, केवल गुनहगार जेल जाएंगे और संविधान से न्याय मिलेगा।

350 मदरसों, दरगाहों और ईदगाहों पर कार्रवाई का आरोप

ओवैसी ने कहा कि श्रावस्ती, बहराइच, पीलीभीत और सिद्धार्थनगर जैसे नेपाल सीमावर्ती जिलों में करीब 350 मदरसों, दरगाहों और ईदगाहों को तोड़ा या सील किया गया। सिद्धार्थनगर में 104 मदरसे व एक मस्जिद शहीद की गई। उन्होंने हिरासत के दौरान 152 बच्चों की गिरफ्तारी और 2026 में मॉब लिंचिंग की 14 घटनाओं का भी जिक्र किया।

अखिलेश ने पार्क का बदला नाम

चंद्रशेखर ने कहा कि सपा सरकार ने आंबेडकर हरित उद्यान का नाम बदलकर जनेश्वर मिश्र पार्क कर दिया, जबकि नए पार्क बनाए जा सकते थे। उन्होंने सपा के राज्यसभा टिकटों पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पिछड़ों व दलितों के वोट लेकर धन्नासेठों को राज्यसभा भेजा गया।

महिलाओं को 25 हजार रुपये देने का वादा

चंद्रशेखर ने चुनाव में दूसरे दलों के 20 हजार के मुकाबले महिलाओं को हर महीने 25 हजार रुपये देने का वादा किया। उन्होंने स्मार्ट मीटर से बिल 200-400 रुपये से बढ़कर पांच हजार रुपये तक पहुंचने का मुद्दा उठाया, झूठे मुकदमे वापस लेने तथा दलित, मुस्लिम व पिछड़ों को सत्ता में हिस्सेदारी देने की बात कही।

करनैलगंज से ऊषा देवी निषाद प्रत्याशी घोषित

चंद्रशेखर ने गोंडा की करनैलगंज सीट से विनोद साहनी की पत्नी ऊषा देवी निषाद को प्रत्याशी घोषित किया और कहा कि उन्हें विधानसभा भेजकर न्याय की लड़ाई आगे बढ़ाई जाएगी।
 

Chandrashekhar-Owaisi rally raises concerns for SP PDA equation
चंद्रशेखर-ओवैसी की रैली में पोल और बाउंड्री में चढ़े युवा। - फोटो : अमर उजाला

चुनाव बाद अब्दुल बनेगा डिप्टी सीएम: चंद्रशेखर

आजादी के 75 साल बाद भी एससी-एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक समाज के लोग हाशिये पर हैं। राजनीतिक दल चुनाव के समय इन वर्गों को अधिकार और हिस्सेदारी देने के वादे करते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं। अब वंचित समाज को अपने अधिकारों के लिए दूसरों के भरोसे रहने के बजाय खुद सत्ता में भागीदारी हासिल करनी होगी। आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने बृहस्पतिवार को रमाबाई आंबेडकर मैदान में आयोजित रैली में यह बात कही।

चंद्रशेखर ने कहा कि पिछले 75 वर्षों से राजनीतिक दल गरीबों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को मुख्यधारा में लाने के वादे कर रहे हैं, लेकिन इन वर्गों की स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक समाज आज भी हाशिये पर है। चुनाव के समय इनकी समस्याएं राजनीतिक दलों के एजेंडे में शामिल होती हैं, लेकिन सत्ता मिलने के बाद इनके अधिकारों की लड़ाई कमजोर पड़ जाती है। चंद्रशेखर ने कहा कि अब अब्दुल भी दरी नहीं बिछाएगा, चुनाव के बाद वह डिप्टी सीएम बनेगा।

पदोन्नित में आरक्षण का अधिकार

चंद्रशेखर ने कहा कि दलित, पिछड़े और आदिवासी कर्मचारियों-अधिकारियों को पदोन्नति में आरक्षण का अधिकार मिलना चाहिए। सरकारी ठेकों और पट्टों में भी आरक्षण का प्रावधान लागू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दलित सम्मेलन करने वाले राजनीतिक दल पहले प्रमोशन में आरक्षण पर अपना रुख स्पष्ट करें। कन्नौज, सहारनपुर, जालौन और आंबेडकरनगर के मेडिकल कॉलेजों में एससी-एसटी आरक्षण के अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने सरकार से जवाब मांगा। उनका कहना था कि वंचित समाज के संवैधानिक अधिकारों के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।

दलित अत्याचार पर चुप्पी साध लेती है सरकार

भाजपा सरकार पर दलितों और मुसलमानों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए चंद्रशेखर ने समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि दलितों पर अत्याचार की घटनाओं पर सपा चुप्पी साध लेती है। उन्होंने विनोद साहनी और रामलगन मौर्य की हत्या तथा 2020 में हाथरस में दलित युवती के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल पीड़ितों के मामलों में भी अपनी सुविधा के हिसाब से प्रतिक्रिया देते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed