Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   UP Election 2027 From jobs and old pension scheme to farm loan waivers 10 key points from Akhilesh manifesto

यूपी चुनाव 2027: नौकरी, पेंशन से लेकर बेटी के जन्म पर 10 ग्राम सोना तक; अखिलेश के प्रण पत्र की 11 बड़ी बातें

Thu, 26 Nov 2026 09:47 PM IST
Bhupendra Singh अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ Published by: Bhupendra Singh Updated Thu, 26 Nov 2026 09:47 PM IST
सार

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर संविधान दिवस पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 'प्रण पत्र' जारी करते हुए युवाओं को पांच हजार रुपये मासिक भत्ता, 25 लाख सरकारी नौकरियां, महिलाओं को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन और किसानों की कर्जमाफी व कानूनी एमएसपी का वादा किया है। इसके अलावा प्रण पत्र में पुरानी पेंशन, 50 करोड़ तक के ठेकों में दलितों को 50% आरक्षण, 12वीं पास को लैपटॉप और ग्रामीण विकास के लिए डेढ़ लाख करोड़ रुपये की घोषणाएं शामिल हैं।

विज्ञापन
UP Election 2027 From jobs and old pension scheme to farm loan waivers 10 key points from Akhilesh manifesto
अखिलेश यादव के प्रण पत्र की 11 बड़ी बातें - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान दिवस पर पार्टी का चुनावी प्रण पत्र जारी किया। इसमें युवाओं, महिलाओं, किसानों, शिक्षकों, कर्मचारियों, दलितों और गरीबों को केंद्र में रखकर कई बड़े वादे किए गए हैं। सपा ने जहां युवाओं को रोजगार मिलने तक हर महीने पांच हजार रुपये पोषण भत्ता देने की बात कही है, वहीं महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया है। सरकारी नौकरियों के 25 लाख पदों पर भर्ती, पुरानी पेंशन योजना भी प्रण पत्र की प्रमुख घोषणाओं में शामिल हैं।
विज्ञापन


आइए जानते हैं अखिलेश यादव के प्रण पत्र की 11 बड़ी बातें...

युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने पांच हजार रुपये

अखिलेश ने बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहारा देने का वादा किया है। युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने पांच हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। इसके साथ ही राज्य शिक्षा नीति लाने, नौकरी से जुड़े कौशल विकास की व्यवस्था करने और शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम लागू करने की बात कही गई है। पार्टी ने पांच साल में 25 लाख सरकारी और निजी क्षेत्र में दो से तीन करोड़ रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य भी बताया है।
विज्ञापन

बेटी के जन्म पर 10 ग्राम तक सोना देने का एलान

अखिलेश यादव ने अपने प्रण पत्र में बेटियों के जन्म पर बड़ा वादा किया है। उन्होंने अपने प्रण पत्र में बेटी के जन्म पर परिवार को 10 ग्राम तक सोना देने का वादा किया है। इस घोषणा को बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की पहल के रूप में पेश किया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

सरकारी नौकरियों के 25 लाख पदों पर भर्ती

अखिलेश ने सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में ही सरकारी नौकरियों के 10 लाख पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने का वादा किया है। भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने के लिए एक परीक्षा वाली भर्ती तीन महीने और दो परीक्षाओं वाली भर्ती छह महीने में पूरी करने की बात कही गई है। अखिलेश ने सरकारी भर्तियों और नियुक्तियों में देरी खत्म करने का भरोसा दिलाया है।

महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन

महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए अखिलेश ने सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया है। खास तौर पर बुजुर्ग महिलाओं को इस योजना का लाभ देने की घोषणा की है। इसके जरिए महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की बात कही गई है।
 

किसानों की कर्जमाफी और सभी फसलों पर कानूनी एमएसपी

किसानों के लिए अखिलेश ने कर्जमाफी का वादा किया है। पार्टी ने प्रदेश में पैदा होने वाली सभी फसलों के लिए कानूनी न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी की गारंटी देने की बात कही है। फसल का नुकसान होने पर मूल्य क्षतिपूर्ति की व्यवस्था करने का भी प्रस्ताव है। गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाने और इसके माध्यम से 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का वादा किया गया है।

शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन

शिक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को भी प्रण पत्र में प्रमुखता दी गई है। अखिलेश ने शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को शिक्षकों के बराबर वेतन देने के लिए काम करने का भरोसा दिलाया है। आशा, आंगनबाड़ी, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन और समायोजन का लाभ दिलाने की बात कही गई है। इसके साथ ही पुरानी पेंशन योजना लागू करने की दिशा में काम करने का वादा भी किया गया है।

बंद स्कूल फिर खुलेंगे, 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप

सपा ने शिक्षा, शिक्षक और शिक्षार्थी का गौरव बहाल करने के लिए बंद किए गए विद्यालयों को फिर से शुरू करने की घोषणा की है। इसके अलावा 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप देने का वादा किया गया है। पार्टी ने राज्य शिक्षा नीति लाने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने वाले कौशल विकास पर भी जोर दिया है।
 

गरीबों और पीडीए वर्ग को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं

समाजवादी पार्टी ने पीडीए और गरीब वर्ग के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मुफ्त उपलब्ध कराने का वादा किया है। इसमें दवा, भोजन और रहने की सुविधा भी मुफ्त देने की बात शामिल है। लखनऊ स्थित कैंसर संस्थान को पूरी तरह संचालित करने, वहां शोध कार्य शुरू कराने और गरीब मरीजों का मुफ्त इलाज कराने का भी ऐलान किया गया है।

ग्रामीण विकास के लिए डेढ़ लाख करोड़ रुपये

ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विकास के लिए डेढ़ लाख करोड़ रुपये की व्यवस्था करने का वादा किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में न्यू विलेज क्लस्टर स्थापित करने और राज्य का नियोजित तरीके से विकास करने की बात कही गई है। इस प्रस्ताव के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और विकास के ढांचे को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।

दलितों को ठेकों में 50 फीसदी आरक्षण, विकास परिषद का गठन

दलितों और पीडीए वर्ग के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए सपा ने 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में 50 फीसदी आरक्षण देने का वादा किया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद गठित करने की घोषणा की गई है।  यह परिषद दलितों के विकास और कल्याण से जुड़े कार्यों की निगरानी करेगी।

जातिगत जनगणना, पुरानी पेंशन और कानून-व्यवस्था पर जोर

अखिलेश ने सरकार बनने पर जातिगत जनगणना शुरू कराने का वादा किया है। हालांकि, केंद्र सरकार पहले ही देश में जातिगत जनगणना कराने का नोटिफिकेशन जारी कर चुकी है। इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना लागू करने और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया गया है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए वृद्धाश्रम और क्लब बनाने की घोषणा भी प्रण पत्र में शामिल है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed