सीबीआई ने दर्ज किया IAS अनुराग तिवारी की हत्या का केस
कर्नाटक काडर के आईएएस अफसर अनुराग तिवारी की मौत के मामले में दिल्ली में सीबीआई ने शुक्रवार को अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
हजरतगंज थाने में 22 मई को दर्ज केस को इसमें शामिल कर लिया गया है। इस मामले में सीबीआई के एडिशनल एसपी संतोष कुमार को जांच अधिकारी बनाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक जल्द ही सीबीआई की टीम जांच करने लखनऊ आएगी और अब तक हुई तफ्तीश के जरूरी कागजों को अपने कब्जे में लेगी।
आईएएस अधिकारी अनुराग तिवारी की लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। लखनऊ में उनका शव 17 मई की सुबह मीराबाई मार्ग स्थित वीआईपी गेस्ट हाउस के पास पड़ा हुआ मिला था।
दो हजार करोड़ के घोटाले का करने वाले थे खुलासा
अनुराग तिवारी के बड़े भाई मयंक तिवारी 22 मई को हजरतगंज कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। उनके परिवारीजनों ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी।
मयंक तिवारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर यह बताया कि अनुराग तिवारी दो हजार करोड़ रुपये के घोटाले का खुलासा करने वाले थे।
इसमें कर्नाटक सरकार के कई मंत्रियों व अफसरों की गर्दन फंस रही थी। इसी मामले में उन्हें परिवार सहित मारने की धमकी मिल रही थी।
इस मामले में पुलिस जांच में कई लापरवाही सामने आई थी। प्रदेश सरकार ने 24 मई को इस मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी थी।