पांचवें चरण के लिए राजनीतिक दलों ने झोंकी ताकत, 27 को होगा मतदान
यूपी में चार चरणों के चुनाव निपटने के बाद अब सभी राजनीतिक दलों ने पांचवें चरण के लिए अपनी ताकत झोंक दी है। पीएम मोदी से लेकर सीएम अखिलेश यादव, कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी, गुलाम नबी आजाद, राजबब्बर सहित सभी पार्टियों के दिग्गज इन क्षेत्रों में जोर-आजमाइश में लगे हैं। पांचवें चरण का चुनाव प्रचार शनिवार की शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगा।
इस चरण में बलरामपुर, गोंडा, फैजाबाद, अंबेडकरनगर, बहराइच, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, अमेठी व सुलतानपुर जिले की 51 सीटों के लिए मतदान 27 फरवरी को होगा।
इसमें चुनाव प्रचार 25 फरवरी की शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगा। सभी पार्टियों के दिग्गज नेताओं ने इन क्षेत्रों में अपना ढेरा जमा लिया है। जिन बड़े नेताओं के चुनाव खत्म हो गए हैं उन्हें भी दूसरे जिलों में भेज दिया गया है।
यहां का चुनाव स्थगित नौ मार्च को होगा मतदान
पांचवें चरण में 11 जिलों की 52 सीटों के लिए चुनाव होना था। लेकिन अंबेडकरनगर की आलापुर सीट के सपा प्रत्याशी की मौत से यहां का चुनाव स्थगित हो गया है। अब यहां नौ मार्च को मतदान होगा। ऐसे में पांचवें चरण में अब 51 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 27 फरवरी को होगा।
1.84 करोड़ मतदाता करेंगे 607 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
इस चरण में 607 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। सोमवार को होने वाले मतदान में 1.84 करोड़ मतदाता इनके भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 99 लाख पुरुष व 85 हजार महिला मतदाता शामिल हैं।