यह 1962 वाला नहीं बल्कि 2020 का भारत है, जो अपनी सीमाओं की रक्षा करना जानता है: रविशंकर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज 1962 वाला नहीं, बल्कि 2020 वाला भारत है, जो अपनी सीमाओं की रक्षा करना जानता है। भारत वैश्विक स्तर पर सभी से मैत्री चाहता है। पर, कोई इसे कमजोरी समझकर देश की एक इंच भूमि भी लेने की कोशिश करेगा तो उसे मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।
वह भाजपा के आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत प्रदेश के पूर्व न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं से वर्चुअल संवाद कर रहे थे। इसी तरह उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन और प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री राजेंद्र सिंह उर्फ मोती सिंह ने भी अलग-अलग वर्गों से संवाद किया।
गरीब कल्याण रोजगार योजना की शुरुआत
केंद्रीय कानून मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीबों के कल्याण को लगातार काम कर रहे हैं। इसी सिलसिले में प्रधानमंत्री ने रविवार को बिहार से 50,000 करोड़ की गरीब कल्याण रोजगार योजना को प्रारंभ किया है। सम्मेलन में प्रदेश के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने भी हिस्सा लिया।
किसने किससे किया संवाद
राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन ने चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ वर्चुअल संवाद में कहा कि जब दुनिया भर के लोग यह कह रहे थे कि कोरोना का कोई उपचार नहीं है। तब हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन दवा के लिए दुनिया के तमाम देशों ने भारत से गुहार लगाई।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों से संवाद में कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए बगैर गारंटी के ऋण की सीमा 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दी गई है। ग्रामीण विकास मंत्री राजेंद्र सिंह मोती ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवकों का मानदेय 3600 से बढाकर 6000 रुपये कर दिया गया है।