यूपी की 11 सीटों पर उपचुनाव समाप्त, जानिए कहां कितने प्रतिशत हुआ मतदान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 11 सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मतदान समाप्त हो चुका है। सुबह 7 से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चला। उपचुनाव में कुल 109 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला अब ईवीएम में कैद हो चुका है। 2307 मतदान केंद्रों के 4529 मतदान बूथों के माध्यम से लोकतंत्र के इस त्योहार को सम्पन्न किया गया।
5435 ईवीएम, 5435 बैलेट यूनिट और 5888 वीवीपैट मशीनों का प्रयोग इस दौरान किया गया। उपचुनाव के लिए पर्याप्त मात्रा में अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी और 429 संवेदनशील बूथों पर वेबकास्टिंग भी कराई गई थी। लेकिन इसके बाद भी कुछ जगहों से ईवीएम के खराब होने की खबरें आती रहीं।
घोसी विधानसभा में उपचुनाव के दौरान कुछ जगहों से ईवीएम के खराब होने की सूचना मिली। इसका नतीजा यह हुआ कि कहीं पर 50 मिनट तो कहीं पर एक घंटा देर से मतदान शुरू हो सका।
अलीगढ़ में इगलास विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बहिष्कार की जानकारी भी मिली। स्थानीय मुद्दों को लेकर लोगों ने चुनाव का बहिष्कार की बात कही थी लेकिन इन सब के बीच भी मतदान जारी रहा।
वहीं प्रतापगढ़ में वोट देते समय फोटो वायरल करने पर दो नेताओं भाजयुमो जिलाध्यक्ष रवि गुप्ता और सपा नेता राजू यादव पर एफआईआर दर्ज की गई है। इसके बाद भी मतदाताओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
वहीं रामपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन बीएलओ गिरफ्तार किए गए हैं। इन तीनों के नाम सीमा राठौर, ताजिया और मुमताज हैं, जो हादी जूनियल हाई स्कूल में बने मतदान केंद्र पर बीएलओ की ड्यूटी कर रही थीं।
इन पर आरोप है कि मतदाताओं को कच्ची पर्ची बांट रही थीं जो पार्टी प्रत्याशी द्वारा दी जाती हैं। तीनों बीएलओ से जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह खुद शहर कोतवाली में पूछताछ कर रहे हैं।
आइए जानते हैं उत्तर प्रदेश की 11 सीटों के मतदान प्रतिशत बारे में-
गंगोह - 60.30%
रामपुर - 44.00%
इगलास - 36.20%
लखनऊ कैंट - 28.53%
गोविंद नगर - 32.60%
मानिकपुर - 52.10%
जैदपुर - 58.00%
जलालपुर - 58.80%
बाल्हा - 52.00%
घोसी - 51.00%
प्रतापगढ़ - 44.00%