कंपनियां जला रहीं ट्राई के नियमों की फुलझड़ी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दीपावली पर ट्राई के नियमों को दरकिनार कर निजी मोबाइल सेवा प्रदाता ऑपरेटर कंपनियों ने चांदी काटनी शुरू कर दी है।
बीएसएनएल को छोड़ अन्य सभी मोबाइल ऑपरेटर कंपनियों ने शनिवार से ब्लैक-डे मनाना शुरू कर दिया है।
ये ब्लैक-डे दो दिन लागू रहेगा। इस दौरान उपभोक्ताओं से हर बधाई संदेश पर पूरा पैसा वसूला जाएगा। सरकारी क्षेत्र में कार्यरत बीएसएनएल सिर्फ रविवार को ही ब्लैक-डे मनाएगी।
मोबाइल सेवा से जुड़ी निजी कंपनियों ने शनिवार से ब्लैक-डे मनाना शुरू करते हुए मुफ्त एसएमएस व बातचीत के विशेष टैरिफ पैकेज रविवार रात बारह बजे तक के लिए फ्रीज कर दिए हैं।
वहीं, भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने दूरसंचार नियामक आयोग (ट्राई) द्वारा एक साल में तय अधिकतम पांच ब्लैक-डे मनाने के निर्देश का पूरी तरह अनुपालन किए जाने की बात कही है।
बीएसएनएल के डीजीएम फाइनेंस आरजे पाण्डेय ने बताया कि ट्राई ने एक साल में सिर्फ पांच ब्लैक-डे मनाने की अनुमति मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों को दे रखी है।
इसके तहत ही कंपनियों को मुख्य तौर पर एक जनवरी (नए साल), 14 फरवरी (वैलेन्टाइन-डे), होली, दीपावली व क्रिसमस (25 दिसंबर) पर ही 24 घंटे के लिए मुफ्त एसएमएस व टैरिफ वाले प्लान स्थगित कर उपभोक्ता से हर एसएमएस पैकेज व टैरिफ वाउचर पर पूरा शुल्क वसूलने की छूट होती है।
इसके बाद भी निजी मोबाइल ऑपेरटर ट्राई के नियमों की अनदेखी कर होली व दीपावली पर दो दिन का ब्लैक-डे मनाते हुए उपभोक्ताओं की जेब हल्की कर मोटी कमाई करती हैं।
उधर, दीपावली पर शुक्रवार से शुरू हुए बधाई संदेशों की भीड़ तीन दिन तक मोबाइल नेटवर्क के लिए मुसीबत बनी रहेगी। प्रदेश में बीएसएनएल सहित अन्य निजी मोबाइल ऑपरेटरों के नेटवर्क पर दो दिन में करीब दस करोड़ संदेशों के आदान-प्रदान की संभावना है।
शुक्रवार से मोबाइल पर शुरू हुए धनतेरस व दीपावली के बधाई संदेशों का सिलसिला रविवार रात चलेगा। इस दौरान बीएसएनएल, वोडाफोन, एयरटेल, रिलायंस व टाटा सहित अन्य ऑपरेटरों के नेटवर्क पर नेटवर्क कंजेक्शन की समस्या रहेगी।