यूपी में सीएम प्रोजेक्ट नहीं करेगी भाजपा, मोदी ही होंगे चेहरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा ने यह तय कर लिया है कि आने वाले यूपी विधानसभा के चुनाव में वह दिल्ली मॉडल को न अपनाकर हरियाणा और महाराष्ट मॉडल को अपनाने जा रही है। यानी बीजेपी चुनाव के पहले अपना सीएम प्रत्याशी घोषित नहीं करेगी।
भाजपा 2017 की चुनावी तैयारियों के मूड में आ गई है। भाजपा ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की अगुवाई में कानपुर से चुनाव तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है।
अमित शाह की अध्यक्षता में हुई महासंपर्क अभियान की समीक्षा बैठक में यह स्पष्ट कर दिया गया है कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चेहरा, उनकी विचारधारा और राष्ट्रीय अध्यक्ष की संगठनात्मक क्षमता के दम पर यूपी का विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
मुख्यमंत्री पद के लिए कोई चेहरा आगे नहीं किया जाएगा। बैठक में यूपी भाजपा के प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी सहित आठ क्षेत्रों (ब्रज, काशी, कानपुर, बुंदेलखंड, पश्चिमी, अवध, बरेली और गोरखपुर) के पदाधिकारी, सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, महामंत्री भी मौजूद रहे।
इन सबसे कह दिया गया है कि केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं, ताकि यूपी फतह की भूमिका अभी से तैयार की जा सके। भाजपा ने विधानसभा की 250 सीटों को जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह लखनऊ से सड़क मार्ग होते हुए दोपहर 12:30 बजे समीक्षा स्थल पहुंचे। समीक्षा के बाद ही राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने यूपी मिशन को लेकर भाजपा की मंशा साफ कर दी।
इन पदाधिकारियों ने मीडिया को बताया कि सपा सरकार की गुंडागर्दी को बेनकाब किया जाएगा। इसी सिलसिले में सांसदों (संयोजक अश्वनी चौबे, सदस्य मीनाक्षी लेखी, एमजे अकबर और अर्जुन मेघवाल) की एक कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी जल्द ही बाराबंकी जाएगी, जहां महिला को थाने में जलाने और उसके साथ पुलिस के बर्बर बर्ताव की घटना हुई है।
चुनाव के पहले मुद्दे तैयार करेगी भाजपा
बैठक में सपा सरकार में होने वाले अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर अब भाजपा ने आक्रामक रवैया अपनाने का फैसला किया है। तय किया है कि यादव सिंह जैसे भ्रष्टाचारी को बचाने वाली सपा सरकार के खिलाफ पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे और जनता के बीच जाकर अगली बार भाजपा की सरकार बनवाने की अपील करेंगे।
मीडिया की तरफ से पूछा गया कि यूपी के चुनाव में भाजपा से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा? इस पर राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजय वर्गीय ने कहा कि झारखंड और महाराष्ट्र का विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर लड़ा था। इसमें जबरदस्त जीत मिली। अब यही फार्मूला यूपी में भी चलेगा।
संगठन को मजबूत बनाकर वर्ष 2017 का विधानसभा चुनाव बड़े अंतर से जीता जाएगा। इस पर सहमति बन गई है। महासंपर्क अभियान की समीक्षा बैठक से भाजपा ने साफ कर दिया है कि भाजपा यूपी की जनता को विकास का भरोसा देगी और वर्ष 2017 का विधानसभा चुनाव जीतेगी।
सदस्यता अभियान के जरिए भाजपा ने यूपी में एक करोड़ 86 लाख सदस्य बनाए हैं। यह पिछली सदस्य संख्या 30 लाख से कई गुना ज्यादा हैं। एक लाख सक्रिय कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने कम से कम 100 सदस्य बनाएं हैं। भाजपा कार्यकर्ता 21 लाख 22 हजार सदस्यों के घरों में दस्तक दे चुके हैं। उन्हें भरोसा दिला चुके हैं कि सूबे में अगली सरकार भाजपा की होगी।
जल्द ही बचे सदस्यों के घरों तक पहुंचा जाएगा। यही सदस्य यूपी की जनता को सपा, बसपा, कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकदल के काकटेल और लूट से निजात दिलाएंगे। इसी सिलसिले में सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
देश के लोगों ने भाजपा पर भरोसा जताया है। इसी का नतीजा है कि भाजपा से 11 करोड़ लोग जुड़ चुके हैं। इसमें से 15 लाख सक्रिय कार्यकर्ता हैं। इन सबने कम से कम 100-100 सदस्य बनाए हैं। सबका डेटा भाजपा के पास है। अब भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है।