विधान परिषद चुनाव के लिए सीटवार व्यूह रचना में जुटी भाजपा, दो मार्च से तय होगी रणनीति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधान परिषद की स्नातक व शिक्षक कोटे की 11 सीटों के अप्रैल में होने वाले चुनाव के लिए भाजपा ने अब जिलों की व्यूह रचना बनानी शुरू कर दी है। इसके लिए 2 मार्च से सीटवार बैठकें होंगी। इसमें उस सीट से संबंधित जिलों के प्रमुख लोगों को बुलाकर चुनावी रणनीति तय की जाएगी।
लखनऊ, आगरा, मेरठ और वाराणसी में स्नातक व शिक्षक कोटे की दो-दो सीटों का चुनाव होना है। इसके अलावा गोरखपुर-अयोध्या सीट शिक्षक और बरेली-मुरादाबाद, प्रयागराज-झांसी सीट स्नातक कोटे की हैं। इनमें अभी भाजपा के कब्जे में सिर्फ दो सीटें हैं।
दोनों ही सीटें स्नातक कोटे की प्रयागराज-झांसी और वाराणसी हैं। वाराणसी से केदारनाथ सिंह और प्रयागराज-झांसी से डॉ. यज्ञदत्त शर्मा एमएलसी हैं। भाजपा का काफी दिनों से स्नातक व शिक्षक कोटे की सीटों पर जीत हासिल करने का सपना रहा है। प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों की अनुकूलता के चलते भाजपा के रणनीतिकार इस बार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते।
चुनाव के लिए की जा रही माइक्रो प्लानिंग
चुनाव के लिए इस बार माइक्रो प्लानिंग की जा रही है। प्रभारियों सहित कई लोगों को सीटों के साथ जिलों में लगाया गया है। लखनऊ स्नातक व शिक्षक सीट के लिए 2 मार्च को लखनऊ में और 4 मार्च को गोरखपुर में बैठक होगी।
इसके बाद मेरठ, आगरा, बरेली, वाराणसी और प्रयागराज में बैठकें प्रस्तावित हैं। इनमें संबंधित सीट के अंतर्गत आने वाले जिलों के पार्टी कार्यकर्ताओं और चुनाव प्रभारियों को बुलाया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, इन बैठकों में प्रत्येक सीट के अंतर्गत आने वाले मतदान केंद्रों के अनुसार मतदाताओं की संख्या, बूथों की जिम्मेदारी संभालने वाले कार्यकर्ताओं के नाम, समीकरण, संभावित प्रत्याशियों की स्थिति सहित चुनावी प्रबंधन के बारे में विचार-विमर्श होगा। संबंधित सीटों से मिले फीडबैक के अनुसार चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
एक-एक वोट पर नजर
भाजपा ने पहले ही एक-एक वोट से संपर्क व संवाद का अभियान चला रखा है। अलग-अलग समूह बनाकर स्नातक व शिक्षक मतदाताओं का समर्थन जुटाने की जिम्मेदारी सौंप रखी है।
इन चुनावों में मतदान केंद्र अपेक्षाकृत काफी कम होते हैं, जिस कारण मतदाताओं को मतदान के लिए दूर जाना पड़ता है। इसीलिए भाजपा ज्यादा चिंतित है। उसकी कोशिश एक-एक मतदाता को संबंधित मतदान केंद्र तक पहुंचाने की है।